उप-राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने पूछा, बीफ खाने और किस करने के लिए फेस्टिवल क्यों?
वेंकैया नायडू जब केंद्रीय मंत्री थे, तब भी उन्होंने कभी बीफ खाने का विरोध नहीं किया। उन्होंने यह स्वीकार किया था कि वह खुद भी मांसाहार को पसंद करते हैं।
मुंबई, एएनआइ। मंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उप-राष्ट्रपति वेंकैया नायडू बीफ फेस्टिवल और खुलेआम किस करने वालों पर जमकर भड़के। इसके साथ ही उन्होंने संसद भवन पर हमले के दोषी अफजल गुरु को फांसी दिए जाने के विरोध में कार्यक्रम करने वालों को भी जमकर लताड़ा। वेंकैया नायडू ने लोगों को ऐसे कार्यक्रमों से दूर रहने की सलाह दी है।
वेंकैया नायडू ने कहा, 'देखिए, आप बीफ खाना चाहते है, तो बेशक खाइए। लेकिन ऐसे फेस्टिवल्स का आयोजन क्यों करते हो? अगर आप किसी को किस करना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको फेस्टिवल की या किसी की इजाजत लेने की क्या जरूरत है?' साथ ही वेंकैया नायडू ने कहा कि अफजल गुरु को लीजिए। कुछ लोग उसके नाम का गुणगान कर रहे हैं। आखिर ये हो क्या रहा है। वह हमारे संसद भवन को बम धमाके से उड़ाने आया था।'
वैसे बता दें कि वेंकैया नायडू जब केंद्रीय मंत्री थे, तब भी उन्होंने कभी बीफ खाने का विरोध नहीं किया। उन्होंने यह स्वीकार किया था कि वह खुद भी मांसाहार को पसंद करते हैं। उनका मानना है कि भोजन सभी का व्यक्तिगत मामला होता है। लेकिन किसी की भावनाओं को आहत करने के लिए बीफ फेस्टिवल का आयोजन करने को वह गलत मानते हैं।
बता दें कि यह कार्यक्रम आरए पोद्दार कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स की ओर से आयोजित हुआ था। वेंकैया नायडू मुंबई स्थित इस कॉलेज के प्लैटनिम जुबली कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे। उपराष्ट्रपति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों घर और कॉलेज के माहौल को तनाव रहित बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ पेरेंट्स अपने बच्चे की क्षमता को समझ नहीं पाते हैं।