'विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने हैं आप', राहुल गांधी का तंज; पीएम मोदी को दी डिबेट की चुनौती
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विदेशी मदद से पीएम बनने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मुद्दे पर पीएम मोदी को खुली बहस की चुनौती दी।

राहुल गांधी ने पीएम मोदी को दी खुली बहस की चुनौती

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। राहुल ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी विदेशी मदद के कारण प्रधानमंत्री बने हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में राहुल ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी की वित्तीय व्यवस्था पूरी तरह से विदेशियों के नियंत्रण और समर्थन में है, और विदेशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भी उन्हें पूरी समर्थन देते हैं।
राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी को इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती भी दी, लेकिन साथ ही कहा कि वे इसे स्वीकार करने की हिम्मत नहीं जुटा पाएंगे।
'देश से झूठ बोलना बंद करें'
राहुल गांधी ने कहा कि, मिस्टर मोदी, इस देश से झूठ बोलना बंद करें। आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने हैं। आपकी वित्तीय व्यवस्था पूरी तरह से विदेशियों के नियंत्रण और समर्थन में है। विदेशी सोशल मीडिया आपको पूरा समर्थन देता है।
उन्होंने आगे कहा, मैं आपको इस विषय पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। कोई भी मंच हो, कोई भी समय हो। अगर आपमें हिम्मत है, तो सामने आइए। लेकिन आप ऐसा करने की हिम्मत नहीं करेंगे, क्योंकि आप डरे हुए हैं कि मुझे आपके बारे में क्या-क्या पता है।
पीएम मोदी ने साधा था निशाना
राहुल की टिप्पणी पीएम मोदी के एकता दिवस पर दिए गए भाषण के जवाब में आई है। पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि विपक्ष अवरोधक शक्ति बन रहा है।
पीएम मोदी ने देश को बांटने की साजिश रचने वाली ताकतों के खिलाफ भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया को एक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है, अफवाहें फैलाई जा रही हैं और भारत की छवि खराब करने की कोशिशें हो रही हैं।
'अस्थिरता पैदा कर रहा विपक्ष'
पीएम मोदी ने कहा, जब देश बाहरी चुनौतियों का समाधान ढूंढ रहा था, तब देश के भीतर ही कुछ ताकतें झूठ और अफवाहें फैलाकर अस्थिरता पैदा कर रही थीं। लेकिन देशवासी पूरी मजबूती के साथ राष्ट्र के साथ खड़े रहे।
उन्होंने आगे कहा, यह हमारा दुर्भाग्य है कि आज देश में विपक्ष, विरोध पक्ष के बजाय अवरोध पक्ष बन गया है। अपनी हताशा में, ये लोग देश के विकास के रास्ते में रुकावट बन रहे हैं।
उन्होंने कहा, यह विपक्ष नहीं है, यह तो रुकावट पैदा करना है। राहुल की विदेश यात्राओं की ओर परोक्ष इशारा करते हुए उन्होंने कहा, एक दशक से ज्यादा की हताशा के कारण, ये लोग अब खुलकर सामने आ गए हैं। विदेश में कौन किससे गुपचुप मुलाकात कर रहा है? भारत-विरोधी ताकतें किसका समर्थन कर रही हैं? कौन भारत के दुश्मनों की भाषा बोल रहा है? हमें इन सभी तौर-तरीकों को पहचानना होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।