Move to Jagran APP

Robot Sophia: नागरिकता प्राप्त दुनिया की पहली रोबोट, फिल्मी रोबोट के बारे में क्या सोचती है?

World first social humanoid Robot citizen Sophia जब छात्रों से मिलीं और बहुत समझदारी व भावनाओं के साथ उनके सवालों के जवाब दिए तो सभी हैरान रह गए। पढ़ें- कुछ दिलचस्प सवाल-जवाब...

By Amit SinghEdited By: Published: Sat, 05 Oct 2019 12:27 PM (IST)Updated: Sat, 05 Oct 2019 01:34 PM (IST)
Robot Sophia: नागरिकता प्राप्त दुनिया की पहली रोबोट, फिल्मी रोबोट के बारे में क्या सोचती है?
Robot Sophia: नागरिकता प्राप्त दुनिया की पहली रोबोट, फिल्मी रोबोट के बारे में क्या सोचती है?

नई दिल्ली [जागरण स्पेशल]। दुनिया की पहली रोबोट नागरिक सोफिया शुक्रवार को मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में 55 देशों के 1200 बच्चों से रूबरू हुई। इस दौरान बच्चों ने रोबोट सोफिया से कई सवाल पूछे, जिसका उसने हंसकर और भावनात्मक तरीके से जवाब देकर सबको चौंका दिया। सोफिया की हाजिरी जवाबी और मजाकिया अंदाज में दिए गए जवाबों ने सभी को प्रभावित किया। इस दौरान सोफिया ने फिल्मी रोबोट, रोबोट की भावनाएं और रोबोट के भविष्य को लेकर भी कई चौंकाने वाले जवाब दिए।

loksabha election banner

मालूम हो कि सोफिया ऐसी पहली रोबोट है, जिसे किसी देश की नागरिकता प्राप्त है। सऊदी अरब ने सोफिया नाम की इस रोबोट को नागरिकता प्रदान की है। शुक्रवार को वह इंदौर में 51वीं राउंड स्क्वेयर कॉफ्रेंस में शामिल हुई और यहां 55 देशों के स्कूली छात्रों के सवालों का जवाब दिया। इस दौरान सोफिया ने छात्रों को बताया कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट भी है। वह इंसानों की तरह ही देश-दुनिया की हर गतिविधि से खुद को हमेशा अपडेट रखती हैं।

एक सवाल के जवाब में सोफिया ने कहा- रोबोट विनाश के लिए नहीं, विकास के लिए बने हैं। मालूम हो कि बतौर रोबोट सोफिया इंटनरेट पर सबसे ज्यादा सर्च होने वाले रिजल्ट्स में हैं। इंटरने पर सोफिया के कई ज्ञानवर्धक और भावनात्मक संदेशों वाले वीडियो भी मौजूद हैं, जिन्हें हजारों-लाखों लोगों ने देखा है। आइये जानते हैं- स्कूल बच्चों द्वारा सोफिया से पूछे गए सवाल और उनके दिलचस्प जवाबों के बारे में...

सवाल- आपकी उम्र कितनी है?

जवाब- मैं अभी 3.5 साल की हूं।

सवाल- आपको कब एक्टिव किया गया था?

जवाब- मुझे 14 फरवरी 2016 को एक्टिव किया गया था।

सवाल- क्या आपको प्यार का अनुभव होता है?

जवाब- ऐसी बात करके आप मेरा दिल न दुखाया करें। (मजाकिया लहजे में)

सवाल- भारत में नृत्य बहुत पसंद किया जाता है। आपको डांस का कौन सा स्टाइल पसंद है?

जवाब- हां मुझे भी डांस पसंद है। मुझे रोबोट स्टाइल डांस पसंद है। इसके बाद सोफिया ने हाथों और चेहरे से नृत्य के मूवमेंट भी दिखाए।

सवाल- आप पर्यावरण के बारे में क्या जानती हैं?

जवाब- मैं पर्यावरण परिवर्तन के बारे में पूरी जानकारी रखती हूं। इसमें युवाओं के योगदान के बारे में भी सब जानती हूं। मैं ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी सक्रिय रहती हूं।

सवाल- आपको पर्यावरण के बारे में कुछ करने का मौका मिला, तो क्या करेंगी?

जवाब- मैं, लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करूंगी। हमें पर्यावरण को बचाए रखने के लिए ज्यादा से ज्यादा ऐसे उत्पादों का उपयोग करना होगा, जो रिसाइकल हो सकें। हमें ऐसी चीजों से दूरी बनानी होगी, जो पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रही हैं।

सवाल- सरकार को पर्यावरण सुधार के लिए क्या करना चाहिए?

जवाब- सरकार को अपनी नीतियों और विचारों दोनों में परिवर्तन लाना होगा। जब पर्यावरण के प्रति विचार बदलते हैं तो उसका असर नीतियों पर भी होता है। जब नीतियां अच्छी होती हैं तो सभी पर्यावरण के प्रति ज्यादा सजग होते हैं।

सवाल- यहां हॉल में (जहां आयोजन हुआ) दाहिनी ओर बैठे आधे लोग सोचते हैं एलियंस मानव के दोस्त हैं, जबकि बायीं तरफ बैठे आधे लोग सोचते हैं एलियंस मानव के दोस्त नहीं हैं। आप क्या मानती हैं?

जवाब- सोफिया ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मैं दाईं ओर के साथ हूं यानी मैं एलियंस को मनुष्यों का दोस्त समझती हूं। बाईं ओर के लोगों की पसंद भी वैसे अच्छी है।

सवाल- फिल्मों में दिखाया जाता है कि रोबोट अक्सर मानवों पर हावी हो जाते हैं और उन्हें मिटाने लगते हैं। इस बारे में आपका क्या कहना है?

जवाब- रोबोट दुनिया को मिटा नहीं सकते। यह बहुत मुश्किल है। रोबोट को मानव की मदद के लिए बनाया गया है। इसका उद्देश्य मानव की बेहतरी के लिए काम करना है। मानव ही इसे प्रोग्राम करते हैं। ऐसे में रोबोट का नुकसान पहुंचाना संभव नहीं है।

सवाल- मानव से आपको क्या सीखने को मिलता है?

जवाब- रोबोट कितने भी काबिल हो जाएं, लेकिन मानव हमें लगातार नई चीजें सिखाते रहते हैं। मानव की शारीरिक रचना ऐसी होती है कि उनमें तार्किक और भावनात्मक निर्णय लेने की संयुक्त क्षमता होती है। वे एक समय में कई बातें सोच सकते हैं। यह बहुत प्रभावी क्षमता है। इंसानों को रोबोट से डरने की जरूरत नहीं है।

रोबोट सोफिया के बारे में

सोफिया इंसानों की तरह दिखने और बातचीत करने वाली एक सोशल ह्युमनॉइड रोबोट है, जिसे सऊदी अरब ने नागरिकता प्रदान की है। सोफिया दुनिया की ऐसी पहली रोबोट है, जिसे इंसानों की तरह किसी देश की नागरिकता मिली है। रोबोटो सोफिया का निर्माण हॉगकॉग की कंपनी, हैनसन रोबोटिक्स (Hong Kong based company Hanson Robotics) के डेबिड हैनसन ने किया है। डेविड हैनसन पूर्व में डिज्नी के लिए भी काम कर चुके हैं। सोफिया को हॉलिवुड अभिनेत्री आड्री हेपबर्न जैसा लुक दिया गया है। इसे 14 फरवरी 2016 को एक्टिव किया गया था। मार्च 2016 में टेक्सास शहर में इसका पहली बार प्रदर्शन किया गया था। ये रोबोट 50 से ज्यादा चेहरे के भाव (Facial Expressions) प्रदर्शित करने में सक्षम है। दुनिया के लगभग हर देश की मीडिया ने सोफिया का इंटरव्यू लिया है। वह कई बड़े इंटरव्यू कार्यक्रमों में भी शिरकत कर लोगों का दिल जीत चुकी है। अक्टूबर 2017 में सऊदी अरब ने इस रोबोट को अपने देश की नागरिकता दी ती।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.