विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'भवानीपुर से चुनाव जीता, इसलिए पीए की हत्या की गई'; सुवेंदु अधिकारी का टीएमसी पर आरोप

Published: Thu, 07 May 2026 04:06 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 07 May 2026 04:08 PM (GMT+05:30)

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद हिंसा जारी है, जिसमें भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ ...और पढ़ें

HighLights

  1. भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या

  2. मध्यमग्राम में गोली मारकर की गई निर्मम हत्या

  3. सुवेंदु अधिकारी ने बताया राजनीतिक प्रतिशोध का मामला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार रात को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उन्हें प्वाइंट ब्लैंक रेंज से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।

कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी: सुवेंदु

गुरुवार दोपहर चंद्रनाथ रथ का पार्थिव शरीर मध्यमग्राम के अस्पताल से उनके घर लाया गया। सुवेंदु अधिकारी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा, 'इस हत्या की जितनी निंदा की जाए कम है। उनकी हत्या इसलिए की गई क्योंकि वे मेरे सहयोगी थे और मैंने भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया था। यह पहले से सोची-समझी साजिश थी।' उन्होंने परिवार के साथ खड़े होने का भरोसा देते हुए कहा कि हत्यारों को पकड़कर सजा दिलाई जाएगी।

कैसे दिया गया हत्या को अंजाम

जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ रात करीब 10:20 बजे विधानसभा का काम निपटाकर अपनी SUV से माइकलनगर स्थित घर लौट रहे थे। मध्यमग्राम के दोहारिया इलाके में एक बिरयानी की दुकान के पास उनकी गाड़ी के सामने अचानक एक चारपहिया वाहन रुक गया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, दो बाइकों पर सवार चार हमलावर गाड़ी के बगल में आ पहुंचे और चंद्रनाथ रथ पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों में से किसी ने हेलमेट तक नहीं पहना था।

गोलीबारी में चंद्रनाथ रथ को सीने और पेट में चार गोलियां लगीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। ड्राइवर बुद्धदेव बेरा को भी सीने, पेट और पैर में गोली लगी। स्थानीय लोगों ने दोनों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रथ को मृत घोषित कर दिया। बेरा को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी चार गोलियों की पुष्टि हुई है।

यह भी पढ़ें- फर्जी नंबर प्लेट, सिलीगुड़ी कनेक्शन और OLX... सुवेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में शामिल कार पर नए खुलासे

यह भी पढ़ें- बाइक से ओवरटेक कर कार रोकी, करीब से अंधाधुंध फायरिंग... सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या में अबतक क्या-क्या पता चला?