नकली मंगलसूत्र से फेरे करवाए तो रूठी पत्नी, असली लाकर दिया तब गई ससुराल
विदिशा में शादी के आठ माह बाद नए मंगलसूत्र की मांग पूरी होने के बाद महिला ससुराल गई।
विदिशा, नईदुनिया। मध्य प्रदेश के विदिशा में शादी के आठ माह बाद नए मंगलसूत्र की मांग पूरी होने के बाद महिला ससुराल गई। दरअसल एक दुल्हन शादी के दौरान मंगलसूत्र को पुराना बताते हुए नए मंगलसूत्र के लिए अड़ गई थी, तब ससुराल वाले आनन-फानन में नया नकली मंगलसूत्र लेकर आए, उसे पहनाकर फेरे करवाए। तब शादी तो हो गई, लेकिन आठ माह बाद भी दुल्हन सोने के नए मंगलसूत्र के लिए अड़ी रही और ससुराल जाने से इन्कार कर दिया। मामला कोतवाली थाना स्थित परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा। जहां समझाइश और सोने का नया मंगलसूत्र दिलाने के बाद वह ससुराल गई।
परिवार परामर्श केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, शहर के एक युवक का पिछले साल मई में विवाह हुआ था। युवक अपनी मां का सोने का पुराना मंगलसूत्र लेकर पहुंचा था। पत्नी ने पुराना मंगलसूत्र बताते हुए नए मंगलसूत्र की मांग करते हुए कहा कि भले ही नकली मंगलसूत्र लेकर आओ, लेकिन में नया मंगलसूत्र ही पहनूंगी। ससुराल वालों ने बेनटेक्स का मंगलसूत्र लाकर दे दिया। पति ने नवविवाहिता को वह मंगलसूत्र पहना दिया। शादी तो हो गई लेकिन कुछ समय बाद असली मंगलसूत्र की मांग करते हुए पत्नी ने ससुराल जाने से मना कर दिया। इससे परेशान युवक ने परामर्श केंद्र में आवेदन दिया था।
परामर्श केंद्र में दंपती को समझाया। पति ने पत्नी से सोने का नया मंगलसूत्र देने का वादा करते हुए कुछ समय की मोहलत मांगी। इसके बाद मंगलवार को वह मंगलसूत्र लेकर परामर्श केंद्र पहुंचा और काउंसलर्स के सामने उसने पत्नी को मंगलसूत्र पहनाया। इसके बाद विवाहिता पति के साथ ससुराल गई।