UPSC और JEE जैसी क्यों नहीं कराते NEET UG परीक्षा? संसदीय समिति ने एनटीए से किए सवाल
संसदीय समिति के समक्ष एनटीए ने बताया कि नीट-यूजी के परिणाम 20 जुलाई से पहले घोषित कर दिए जाएंगे।
-1782928947914_m.webp)
NTA ने नीट-यूजी के रिजल्ट पर भी दिया जवाब (फाइल फोटो)
HighLights
NTA अगले साल से NEET UG को CBT मोड में कराएगा।
संसदीय समिति ने NEET UG को बहु-चरणों में न कराने पर सवाल किए।
NEET UG के परिणाम 20 जुलाई से पहले घोषित होंगे।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा को सफलतापूर्वक कराने एवं उससे मिली प्रमुख सीख को संसदीय समिति के साथ साझा करते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यह साफ किया है कि अगले साल से नीट-यूजी की परीक्षा को वह सीबीटी (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) मोड में कराएगी। इसकी तैयारी शुरू भी कर दी गई है।
हालांकि, इस दौरान समिति के सदस्यों ने सवाल किया कि नीट-यूजी की परीक्षा को भी यूपीएससी और जेईई जैसे कई चरणों में क्यों नहीं कराते।
इस पर एनटीए ने परीक्षा से जुड़े बदलावों पर चल रही चर्चा की जानकारी दी। कहा कि वह अगली बैठक में बता सकते हैं कि परीक्षा में क्या बदलाव करने जा रहे हैं।
कांग्रेस सांसद मुकुल वासनिक हैं संसदीय समिति के अध्यक्ष
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सदस्य मुकुल वासनिक की अध्यक्षता वाली शिक्षा, महिला व बाल विकास से जुड़ी संसदीय समिति के सामने एनटीए ने 21 जून को नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा से मिली सीख को लेकर एक प्रस्तुति दी। खास बात यह है कि समिति ने ही एनटीए से इस मामले पर जानकारी देने के लिए कहा था।
एनटीए ने बताया कि उन्हें दोबारा परीक्षा से दस प्रमुख सीख मिली है। इसमें प्रश्न पत्र तैयार की प्रक्रिया को पूरी तरह से आइसोलेटेड रखना शामिल है जिसे एनटीए ने अपने यहां विकसित किया है।
साथ ही, प्रश्न पत्रों की छपाई की व्यवस्था को भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में कराने, उसके सुरक्षित परिवहन, केंद्र, राज्य और जिला प्रशासन के साथ मिलकर तालमेल की व्यवस्था को मजबूत करने, छात्र केंद्रित मजबूत तंत्र तैयार करने, छात्रों की किसी भी परेशानी का तुरंत समाधान देने, इंटरनेट मीडिया के दुष्प्रचार पर नियंत्रण सहित परीक्षा को तय समय में कराने और उसके परिणाम भी तय समय पर लाने जैसी पहल शामिल है।
सीबीटी मोड से जुड़ी चुनौतियों पर नहीं मिला कोई जवाब
समिति के सदस्यों ने परीक्षा को सीबीटी मोड में कराने से जुड़ी चुनौतियों सहित कोचिंग की निर्भरता को खत्म करने आदि को लेकर सवाल किए। हालांकि, एनटीए व शिक्षा मंत्रालय की ओर से इसका कोई जवाब नहीं दिया गया।
समिति की बैठक में पहली बार शामिल हुए नीट-यूजी में सुधार को लेकर गठित उच्च स्तरीय समिति के अध्यक्ष व इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. राधाकृष्णन ने भी परीक्षा में सुधार को लेकर उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।
डॉ. राधाकृष्णन ने कहा कि आने वाले दिनों में वह परीक्षा में सुधार को लेकर और कदम उठाएंगे। प्रेट्र के अनुसार, संसदीय समिति के सदस्यों ने नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा के सफल आयोजन की तारीफ करते हुए एनटीए के लिए वैधानिक दर्जे की मांग की।
इस बैठक में भाजपा एवं कांग्रेस सहित दूसरे दलों के लगभग 18 सांसदों ने हिस्सा लिया। इसरो के पूर्व अध्यक्ष के राधाकृष्णन, उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी तथा एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह भी मौजूद थे।
20 जुलाई से पहले घोषित कर देंगे नीट-यूजी के नतीजे: एनटीए
संसदीय समिति के समक्ष एनटीए ने बताया कि नीट-यूजी के परिणाम 20 जुलाई से पहले घोषित कर दिए जाएंगे। परीक्षा के मूल्यांकन का काम तेजी से चल रहा है। एनटीए ने बताया कि इस बार उन्होंने 37 दिनों में दोबारा नए सिरे से परीक्षा कराई है।
तीन मई को हुई नीट-यूजी परीक्षा के पेपर लीक होने के मामले पर एनटीए ने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा कि अभी इसकी सीबीआइ जांच चल रही है। वह जांच एजेंसी को अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं। अब तक कई गिरफ्तारियां हुई हैं।
समिति ने एक अन्य बैठक में शिक्षा में एआई के इस्तेमाल और उससे जुड़ी चुनौतियों पर भी एआइसीटीई एवं विशेषज्ञों के साथ चर्चा की।
यह भी पढ़ें- नीट-पीजी परीक्षा में शामिल होने की मांग खारिज; दिल्ली हाई कोर्ट ने दो सैन्य डॉक्टरों को नहीं दी अंतरिम राहत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।