'हमेशा विदेशी कंपनियों के साथ क्यों खड़ी होती है कांग्रेस?', स्टारलिंक विवाद पर बीजेपी ने राहुल गांधी को घेरा
भाजपा ने कांग्रेस पर विदेशी कंपनियों के साथ खड़े होने और देश में विभाजन फैलाने का आरोप लगाया, साथ ही ...और पढ़ें

स्टारलिंक विवाद पर बीजेपी ने राहुल गांधी के घेरा।
HighLights
राहुल गांधी पर तमिल संस्कृति दबाने के आरोप का खंडन।
भाजपा ने कांग्रेस के विदेशी कंपनियों से संबंधों पर सवाल उठाए।
पीएम मोदी के तमिल संस्कृति सम्मान प्रयासों पर जोर दिया।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। चेन्नई में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तमिल संस्कृति को दबाने के आरोप पर भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर पलटवार किया है।
भाजपा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया है कि राहुल पीएम मोदी के प्रति ईर्ष्या और कुंठा के कारण सरकार पर निराधार आरोप लगा रहे हैं।
इसे उत्तर-दक्षिण में विभाजन बताने के साथ ही भाजपा प्रवक्ता ने दिल्ली में प्रदर्शन, अमेरिकी कंपनी स्टारलिंक के समर्थन जैसे मुद्दे उठाते हुए प्रश्न पूछा कि राहुल गांधी किसके इशारे पर देश में अराजकता और विभाजन फैलाने के लिए झूठ बोल रहे हैं?
भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही- बीजेपी
भाजपा सांसद ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। सैमसंग और फाक्सकॉन जैसी बड़ी कंपनियों की फैक्ट्रियां भारत में शुरू हो रही हैं। भारत मंगल तक पहुंचने वाला देश है। कुछ लोगों का भारत की तरक्की से असहज होना स्वाभाविक है। ऐसे में बाहर से देश को अशांत करने वाली ताकतें काम कर रही हैं और ऐसी ही ताकतें देश के अंदर काम कर रही हैं।
कांग्रेस विदेशी कंपनियों के साथ ही क्यों खड़ी दिखाई देती है- बीजेपी
उन्होंने सवाल पूछा कि क्यों कांग्रेस कभी अगस्ता वेस्टलैंड, कभी हिंडनबर्ग, कभी बोफोर्स तो कभी स्टारलिंक जैसी विदेशी कंपनियों के साथ ही खड़ी दिखाई देती है?
उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा द्वारा रोकी गई अमेरिकी संस्था यूएस एड के अनुदान का भी उल्लेख किया। दावा किया कि यह संस्था भारत में वोटर टर्नआउट बढ़ाने के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये भेजती थी। सवाल उठाया कि जब भारत में मतदाता बनने के लिए पैसे लगते ही नहीं तो वोटर टर्नआउट बढ़ाने के लिए पैसे क्यों भेजे जा रहे थे?
वोट चोरी जैसे निराधार मुद्दे निराधार- बीजेपी
आरोप लगाया कि इस पर रोक से भी कुछ लोगों को परेशानी हुई और वोट चोरी जैसे निराधार मुद्दे उठाए जाने लगे। वहीं, तमिल संस्कृति को लेकर भाजपा प्रवक्ता ने राहुल के उस आरोप को गलत बताया, जिसमें नीट के जरिए तमिल भाषा पर हमला किए जाने की बात कही गई थी।
पीएम ने सेंगोल को नए संसद भवन में स्थापित किया- बीजेपी
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में तमिल भाषा, संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने के प्रयास किए गए हैं। तमिल संस्कृति के प्रतीक सेंगोल को नए संसद भवन में स्थापित किया गया तो कांग्रेस ने उसका विरोध किया। चेन्नई में शास्त्रीय तमिल संस्थान की स्थापना की गई।
16 मई 2026 को हेग से चोल वंश की ताम्रपत्र सामग्री वापस लाई गई और सितंबर 2021 में प्रधानमंत्री मोदी ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में सुब्रमण्यम भारती पीठ की स्थापना की।
राहुल तमिल संस्कृति को आखिर जानते ही कितना हैं- सुधांशु त्रिवेदी
उन्होंने प्रधानमंत्री की चीन के राष्ट्रपति के साथ महाबलीपुरम यात्रा का भी उल्लेख किया। नेता प्रतिपक्ष से पूछा कि क्या उन्हें तमिल संस्कृति और महाबलीपुरम के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी है? राहुल तमिल संस्कृति को आखिर जानते ही कितना हैं?
