अब WhatsApp पर सिर्फ चैटिंग नहीं, कर सकेंगे बिल पेमेंट समेत कई काम
WhatsApp अब सिर्फ मैसेजिंग ऐप नहीं रहेगा, बल्कि बिल भुगतान जैसे कई रोजमर्रा के काम भी कर सकेगा। सीईओ कुणाल ...और पढ़ें

अब WhatsApp पर कर सकेंगे बिल पेमेंट समेत कई काम।
HighLights
WhatsApp पर अब बिल भुगतान समेत कई काम होंगे।
AI का उपयोग कर दक्षता बढ़ाई जाएगी, शाह ने बताया।
निजी चैट की एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन सुरक्षा बनी रहेगी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। WhatsApp सिर्फ मैसेज भेजने और कॉल करने वाला एप नहीं रहेगा, बल्कि इसके जरिये आप बिल का भुगतान जैसे रोजमर्रा के कई जरूरी काम कर सकेंगे।
WhatsApp के सीईओ कुणाल शाह ने कंपनी की प्राथमिकताओं के बारे में बताते हुए बुधवार को कहा कि WhatsApp लोगों के बीच संपर्क को और बेहतर बनाने पर जोर देगा। काम की दक्षता बढ़ाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इन बदलावों के बावजूद यूजर्स की निजी चैट और कॉल की एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन सुरक्षा बरकरार रहेगी। ‘एंड-टू-एंड’ एन्क्रिप्शन का मतलब है कि संदेश भेजने वाले और उसे पाने वाले के अलावा कोई तीसरा मैसेज को नहीं पढ़ सकता।
WhatsApp की कमान इस साल जून में संभालने वाले कुणाल ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में उन्होंने यूजर्स की बात सुनी और यह समझने की कोशिश की कि वे WhatsApp से क्या चाहते हैं। कुणाल ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि यूजर्स की सबसे बड़ी अपेक्षा है कि WhatsApp के जरिये अपनों से जुड़े रहें और रोजमर्रा के काम निपटाना आसान हो। WhatsApp इस दिशा में काम करेगा।
बातचीत के अनुभव को और बेहतर बनाना- शाह
पहली प्राथमिकता WhatsApp पर बातचीत के अनुभव को और बेहतर बनाना है। कुणाल ने पोस्ट किया, लोगों के संवाद करने का तरीका बदल रहा है। दुनियाभर में हर दिन WhatsApp पर 10 अरब से ज्यादा वायस मैसेज और चार अरब से अधिक स्टिकर भेजे जाते हैं। हम वायस नोट, समूह, स्टिकर और वीडियो को अधिक सरल बनाएंगे ताकि लोग बेहतर तरीके से अपनी भावनाएं साझा कर सकें।
WhatsApp की दूसरी बड़ी प्राथमिकता यूजर्स को एक ही प्लेटफॉर्म पर अधिक से अधिक सुविधाएं देना है। उन्होंने कहा, बहुत से काम चैट से शुरू होते हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए यूजर्स को दूसरे एप या प्लेटफॉर्म पर जाना पड़ता है इससे उनका समय बर्बाद होता है।
उदाहरण के तौर पर बिल का भुगतान करना, पैसे उधार लेना या यात्रा के दौरान जुड़े रहना। कंपनी इस परेशानी को कम करने के लिए वित्तीय सेवा प्रदाताओं और टेलीकॉम कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही है।
WhatsApp की तीसरी प्राथमिकता एआई है। शाह के मुताबिक, एआई ऐसा होना चाहिए जो यूजर्स की जरूरतों को समझे, उनके काम पूरे करने में मदद करे और यह सुनिश्चित करे कि कोई जरूरी बुकिंग या अपॉइंटमेंट छूट न जाए। अच्छी तकनीक वही है जो आपका समय बचाए ताकि आप उन लोगों के साथ ज्यादा समय बिता सकें जो जो आपके लिए मायने रखते हैं।
शाह ने कहा कि नए फीचर्स के बावजूद WhatsApp की मूल पहचान नहीं बदलेगी। WhatsApp पर हर दिन 100 अरब से अधिक मैसेज और दो अरब कॉल किए जाते हैं। भरोसा कमाने में सालों लग जाते हैं, लेकिन इसे खोने में बस एक पल लगता है। निजी संदेश और काल एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड बने रहेंगे।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।