जानिए फेक मेसेज से बचाव के 5 टिप्स, व्हाट्सएप ने अपने यूजर्स को किया सचेत
अगर आप व्हाट्सएप फॉरवर्ड में कुछ ऐसा पढ़ते हैं, जिससे आपको क्रोध आता है या भय लगता है, तो तत्काल सावधान हो जाइए।
नई दिल्ली [ जेएनएन ]। फर्जी मेसेज की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर व्हाट्सएप ने अखबारों में विज्ञापन के जरिए अपने यूजर को जागरूक किया है। केंद्र सरकार के सख्त रूख के बाद देश के प्रमुख अखबारों में दिए विज्ञापन से व्हाट्सएप ने फर्जी संदेश से बचने के अहम टिप्स दिए हैं। व्हाट्सएप ने अगले कुछ दिनों में ऐसा फीचर लाने का भी भरोसा दिया है, जिससे फेक मेसेज की पहचान की जा सके। आइए जानते हैं कि आखिर क्या हैं वो अहम पांच टिप्स-
1- यदि मैसेज से आपको क्रोध आता है या डर लगता है तो सावधान हो जाएं: अगर आप व्हाट्सएप फॉरवर्ड में कुछ ऐसा पढ़ते हैं, जिससे आपको क्रोध आता है या भय लगता है, तो तत्काल सावधान हो जाइए। ऐसे संदेशों की पड़ताल जरूरी है। आप यह जानने की कोशिश करें कि कहीं उस संदेश का मकसद आपके मन में ऐसी ही भावनाओं को जगाना तो नहीं था ? अगर जवाब हां में है तो आप उक्त संदेशों को दूसरों के साथ साझा कदापि न करें और न ही फॉरवर्ड करें।
2- ऐसे मैसेज से बचें जो थोड़े पृथक हों : अधिकांश ऐसे मैसेज जिनमें धोखा या झूठी खबरें होती हैं, उनमें गलत वर्तनी का प्रयोग किया जाता है। ऐसे सूचक चिह्नों को ध्यान में रखें ताकि आप पता लगा सकें कि संदेश में निहित जानकारी सच है या नहीं। ऐसी किसी घटनाओं या किस्सों-कहानियों पर जिस पर भरोसा करना कठिन हो। उनके स्रोतों का जरूर पता लगाएं। ये अक्सर ही सच नहीं होते। ऐसे में किसी अन्य स्त्रोत से पता लगाएं कि जानकारी सच्ची है या नहीं।
3- संदेशों से रहें सावधान : व्हाट्सएप का दावा है कि इस सप्ताह वह अपने फीचर में बदलाव करने जा रहा है। इससे आपको यह पता लगाने में सुविधा होगी कि फॉरवर्ड किए गए संदेशों की प्रामाणिकता है या नहीं। अगर आपको फॉरवर्ड संदेश प्राप्त होते हैं तो इस बात की जांच करें कि क्या उस संदेश में मौजूद तथ्य सच हैं या नहीं। व्हाट्सएप पर फोटो और विडियो पर भी हम आसानी से यकीन कर लेते हैं, लेकिन आपको भ्रमित करने के लिए फोटो और विडियो को भी संपादित किया जा सकता है।
कभी-कभी फोटो सच्ची होती है, लेकिन उससे जुड़ी कहानी गढ़ी हुई होती हैं। अगर आप मैसेज के स्रोत को नहीं जानते या आपको लगता है कि संदेश में मौजूद जानकारी असत्य हो सकती है तो उसे अन्य लोगों के साथ शेयर नहीं करें। आप इस पर ध्यान न दें कि आपने संदेश को कितनी बार प्राप्त किया है। सिर्फ इसलिए कि संदेश कई बार साझा किया गया है, इसका मतलब यह नहीं है कि वह खबर या सूचना सत्य ही हो।
4- लिंक की भी जांच जरूरी : यूजर्स को लिंक को लेकर भी सतर्क किया गया है। व्हाट्सएप पर डाले गए लिंक की जांच-पड़ताल जरूरी है। ऐसा लग सकता है कि संदेश में मौजूद लिंक किसी परिचित या जानी-मानी साइट का है, लेकिन अगर उसमें गलत वर्तनी या विचित्र वर्ण मौजूद है तो संभव है कि कुछ गलत जरूर है। लिंक की सच्चाई जानने के लिए समाचार साइट्स पर जाकर क्रास चेक जरूर देखें। अगर घटना सत्य होगी तो अन्य जगह भी इस लिंक को या इससे मिलती-जुलती खबर को पोस्ट किया गया होगा।
5- व्हाट्सएप की दी गई सुविधाओं का इस्तेमाल करें : आप वॉट्सऐप पर किसी भी नंबर को ब्लॉक कर सकते हैं या किसी भी समूह को छोड़ सकते हैं। व्हाट्सएप पर ऐसी कई सुविधाएं आपको प्रदान की गई हैं। इससे आप कई बार निरर्थक मैसेज से बच सकते हैं। व्हाट्सएप पर अपना नियंत्रण रखने के लिए ऐसी सुविधाओं को इस्तेमाल जरूर करें। यूजर्स को इस मामले में लापरवाही नहीं बरतने की सलाह दी गई है।