ट्रिप पर जाने से पहले गूगल पर क्या सर्च कर रहे लोग? गूगल ट्रेंड्स की रिपोर्ट में आया सामने
भारतीयों के घूमने का तरीका बदल रहा है, अब वे सेहत और सुकून को प्राथमिकता दे रहे हैं। गूगल ट्रेंड्स के अनुसार, 'वेलनेस ट्रैवल इंडिया' की खोज में 1600% और 'फिटनेस ट्रिप' में 950% की वृद्धि हुई है।
-1795886529568_m.webp)
सोलो ट्रैवल का बढ़ रहा क्रेज (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
वेलनेस ट्रैवल इंडिया की खोज में 1600% की वृद्धि।
सोलो ट्रैवल और शांत विश्राम स्थलों में बढ़ी रुचि।
यात्रा योजना में एआई का उपयोग 600% बढ़ा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीयों के घूमने-फिरने का अंदाज तेजी से बदल रहा है। अब यात्रा का मकसद केवल नई जगहें देखना और छुट्टियां बिताना नहीं रह गया है, बल्कि लोग सेहत सुधारने, मानसिक सुकून पाने और अपनी रुचियों के मुताबिक समय बिताने को भी प्राथमिकता दे रहे हैं।
गूगल ट्रेंड्स की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक साल में 'वेलनेस ट्रैवल इंडिया' की खोज में 1600 प्रतिशत और 'फिटनेस ट्रिप' की खोज में 950 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, तनाव से दूर कुछ सुकून भरे पल बिताने के लिए शांत जगहों की तलाश भी बढ़ी है। 'शांत विश्राम स्थल' की खोज में 150 प्रतिशत का उछाल आया है।
वहीं, धीमी रफ्तार से घूमने यानी 'स्लो ट्रैवल' को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है। इसका मतलब है कि पर्यटक कम जगहों पर जाकर वहां अधिक समय बिताना पसंद कर रहे हैं।
सोलो ट्रैवल का बढ़ रहा क्रेज
अकेले घूमने और नए अनुभवों का बढ़ा चलन सोलो ट्रैवल यानी अकेले यात्रा करने का चलन भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। 'सोलो ट्रैवल गाइड' और अकेले घूमने के लिए बेहतर जगहों की खोज इस साल प्रमुखता से हुई।
हालांकि, अकेले यात्रा करने वाले लोग सामाजिक जुड़ाव से दूर नहीं रहना चाहते। यही वजह है कि 'ट्रैवल कम्युनिटी' की खोज में 400 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। प्रकृति और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियां भी यात्रा की योजनाओं का हिस्सा बन रही हैं।
हाइकिंग ट्रेल्स और म्यूजिक फेस्टिवल के लिए यात्राओं में लोगों की रुचि बढ़ी है। वहीं, भारत की कम चर्चित खूबसूरत जगहों यानी 'हिडन जेम्स' की खोज में भी 400 प्रतिशत का उछाल आया है।
छोटी छुट्टियों का आकर्षण भी बरकरार है। 'मेरे आसपास एक दिन की यात्रा' की खोज में 130 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिसमें महाराष्ट्र सबसे आगे रहा।
ठहरने के लिए लोग पालतू जानवरों के अनुकूल होटल, किफायती होमस्टे और परिवार के लिए सुविधाजनक जगहें तलाश रहे हैं।
घूमने के लिए AI की मदद ले रहे लोग
यात्रा की योजना बनाने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) तकनीक भी अहम भूमिका निभा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, 'यात्रा के लिए एआइ' की खोज में 600 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
इससे संकेत मिलता है कि लोग इंटरनेट मीडिया से मिली जानकारी और प्रेरणा को एआइ की मदद से यात्रा की ठोस योजनाओं में बदल रहे हैं।
गूगल पर लोगों ने सबसे ज्यादा क्या खोजा?
गूगल पर सबसे ज्यादा लोगों ने खोजा वेलनेस ट्रैवल इंडिया, फिटनेस ट्रि्प, साइलेंट रिट्रीट, सोलो ट्रैवल कास्ट इंडिया, सोलो ट्रैवल गाइड, बेस्ट प्लेसेज टू ट्रैवल सोलो, हाइकिंग ट्रेल्स नीयर मी, म्यूजिक फेस्टिवल ट्रैवल, हिडेन जेम इंडिया, वीकेंड गेटवे नीयर मी, लांग वीकेंड ट्रैवल, 1 डे ट्रिप नीयर मी, बेस्ट पेट फ्रैंडली होटल, अफोर्डेबल होमस्टे, फेमिली फ्रैंडली डेस्टिनेशंस, एआइ फॉर ट्रैवलेे।
(समाचार एजेंसी एएनआइ के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- सोलो ट्रिप पर जाने का बना रहे हैं प्लान? घर से निकलने से पहले गांठ बांध लें ये 'गोल्डन रूल्स'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।