विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 01, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ED Questioned Sanjay Raut: पत्रा चाल भूमि घोटाला; ईडी के निशाने पर क्‍यों आ गए हैं संजय राउत, क्‍या है पूछताछ की वजह

By Krishna Bihari SinghEdited By:
Published: Fri, 01 Jul 2022 08:59 PM (IST)Updated: Sat, 02 Jul 2022 04:15 AM (IST)

Patra Chal land scam पत्रा चाल घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने इस मामले में शिवसेना नेता संजय राउत शुक्रवार को ...और पढ़ें

ED questioned Sanjay Raut: पत्रा चाल घोटाले में शिवसेना नेता संजय राउत ईडी के निशाने पर हैं...
ED questioned Sanjay Raut: पत्रा चाल घोटाले में शिवसेना नेता संजय राउत ईडी के निशाने पर हैं...

राज्य ब्यूरो, मुंबई। शिवसेना नेता संजय राउत शुक्रवार को पत्रा चाल घोटाले में पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय पहुंचे। ईडी कार्यालय जाने से पहले राउत ने कहा, 'हां, मैं आज ईडी के पास जा रहा हूं। सभी लोग जानते हैं कि यह राजनीतिक मसला है। केंद्रीय एजेंसी ने मुझे समन भेजा है। मैं एक नागरिक के साथ-साथ एक सांसद भी हूं। इसलिए मैं ईडी कार्यालय जाऊंगा।' क्‍या है पत्रा चाल भूमि घोटाला जिसमें ईडी के निशाने पर आ गए हैं संजय राउत, जानिये क्‍यों हो रही उनसे पूछताछ... 

जांच एजेंसी ने नहीं दी 14 दिन की मोहलत 

ईडी ने पत्रा चाल घोटाले में पूछताछ के लिए राउत को मंगलवार को ही अपने दक्षिण मुंबई कार्यालय में बुलाया था। लेकिन उस समय महाराष्ट्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के कारण राउत ने अपने वकील के जरिये ईडी से दो सप्ताह का समय मांगा था। ईडी ने उन्हें 14 दिन का समय नहीं दिया, और एक जुलाई को हाजिर होने का निर्देश दिया था।

ईडी पर भारोसा होने की कही बात  

राउत ने शुक्रवार सुबह ट्वीट करके कहा, 'मुझे कोई डर नहीं है। क्योंकि मैंने जीवन में कभी कोई गलत काम नहीं किया है। यह मामला राजनीतिक है, या नहीं यह तो बाद में पता चलेगा। फिलहाल तो मैं ईडी को एक निष्पक्ष एजेंसी मानकर उसके सामने जा रहा हूं। मुझे उन पर पूरा भरोसा है।'

प्रवीण राउत से जुड़े रहे हैं संजय राउत

बता दें कि यह मामला संजय राउत के एक करीबी प्रवीण राउत से सीधे संबंधित है। प्रवीण राउत एक इन्फ्रास्ट्रक्चर गुरु आशीष कंस्ट्रक्शन में डायरेक्टर रहा है। यह कंपनी हाउसिंग डेवलपमेंट इन्फ्रास्ट्रक्चर लि. (एचडीआइएल) की ही एक शाखा मानी जाती है।

प्रवीण राउत के खाते में करीब 100 करोड़ रुपये भेजे

ईडी के अनुसार एचडीआइएल से प्रवीण राउत के खाते में करीब 100 करोड़ रुपये भेजे गए थे। फिर प्रवीण के खाते से अलग-अलग राशि उसके कुछ सहयोगियों, रिश्तेदारों एवं व्यावसायिक फर्मों को भेजी गईं। ईडी 4,300 करोड़ के पीएमसी बैंक घोटाले की भी जांच कर रही है।

माधुरी राउत के खाते में भेजी गई थी रकम  

ईडी के अनुसार घोटालों में घिरे इस बैंक से प्रवीण राउत ने 95 करोड़ रुपये लिए थे। जिसमें से 1.6 करोड़ रुपये उसने अपनी पत्नी माधुरी राउत के खाते में भेजे। माधुरी ने इसी राशि में से 55 लाख रुपये शिवसेना नेता संजय राउत की पत्‍‌नी वर्षा राउत को ब्याज रहित कर्ज के रूप में दिए थे। हालांकि यह राशि वर्षा राउत द्वारा माधुरी राउत को वापस की जा चुकी है। लेकिन इसी मामले में ईडी संजय राउत से न सिर्फ पूछताछ कर रही है, बल्कि पिछले वर्ष उनकी 11.15 करोड़ की अचल संपत्ति अस्थायी तौर पर जब्त भी कर चुकी है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।