'पश्चिम बंगाल मतदाता सूची में नाम जोड़ने की 22 लाख अर्जियों को दें सर्वोच्च प्राथमिकता', सुप्रीम कोर्ट का चुनाव आयोग को निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने बंगाल की मतदाता सूची में नाम बहाल करने की 22 लाख अपीलों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। अदालत ने जवाब मांगा है कि हटाए गए मतदाताओं को राशन और कल्याणकारी योजनाओं से क्यों वंचित किया जा रहा है।

HighLights
सुप्रीम कोर्ट ने 22 लाख मतदाता अपीलों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
कोलकाता नगर निगम के मामलों की सुनवाई पहले करने को कहा।
राज्य सरकार से राशन लाभ वंचित करने के आरोपों पर जवाब मांगा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में नाम बहाल करने के लिए दायर कुल 38 लाख अपीलों में से 22 लाख लोगों की अपीलों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
इसके साथ ही अदालत ने उन आरोपों पर राज्य सरकार से जवाब मांगा है, जिनमें कहा गया है कि मतदाता सूची के एसआईआर के दौरान जिन मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, उन्हें राशन और विभिन्न सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित किया जा रहा है।
अदालत ने स्पष्ट किया कि आगामी नगर निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए, इन 22 लाख लोगों में से भी कोलकाता नगर निगम के वार्डों से संबंधित मामलों की सुनवाई अन्य मामलों से पहले की जानी चाहिए।
ट्रिब्यूनल की संख्या बढ़ाने का निर्देश
सीजेआई सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने कहा कि कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को चुनाव आयोग के परामर्श से ट्रिब्यूनल की संख्या बढ़ानी चाहिए, जो वर्तमान में 19 है। ये अधिकरण उन 38 लाख अपीलों के निपटारे के लिए गठित किए गए हैं, जो 90 लाख मतदाताओं के नाम काटे जाने के खिलाफ दायर की गई हैं।
इन मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लिकेट या मृत घोषित किया गया था, या फिर मैपिंग से जुड़ी लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के कारण चिह्नित किया गया था। पीठ ने चुनाव आयोग से यह भी कहा कि अपीलकर्ताओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर अधिकरणों के संचालन हेतु अतिरिक्त जगह की व्यवस्था की जाए।
निपटाई गई 90 प्रतिशत से अधिक अपीलों में बहाल हुए मतदाताओं के नाम
सुप्रीम कोर्ट का यह निर्देश अधिवक्ता प्रशांत भूषण की उस दलील के बाद आया है, जिसमें उन्होंने अदालत को बताया कि एसआईआर के बाद दायर बड़ी संख्या में अपीलों पर सुनवाई के लिए नियुक्त अधिकरणों द्वारा अब तक निपटाई गई 1.4 लाख अपीलों में से 90 प्रतिशत से अधिक को स्वीकार कर लिया गया है, जिससे उन लोगों के नाम मतदाता सूची में बहाल हो गए हैं।
भूषण ने कहा कि यह एक बड़े सैंपल साइज पर आधारित मजबूत संकेत है, जिसके आधार पर शीर्ष अदालत को यह निर्देश देना चाहिए कि जिन लोगों ने अपने नाम काटे जाने के खिलाफ अपील दायर की है, उन्हें आगामी चुनावों में मतदान करने की अनुमति दी जाए।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यही कारण है कि उसने कोलकाता नगर निगम के विभिन्न वार्डों से जुड़े नाम बहाली के मामलों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है।
केएमसी चुनाव पर सुनवाई बुधवार तक टली
टीओआई के अनुसार, वरिष्ठ अधिवक्ता जी. शंकरनारायणन के समर्थन के साथ प्रशांत भूषण ने शीर्ष अदालत को बताया कि यद्यपि अदालत ने स्पष्ट रूप से यह साफ कर दिया था कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का मतदान के अवसर के अलावा नागरिकता सहित किसी अन्य अधिकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा, फिर भी राज्य सरकार नाम काटे गए मतदाताओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से मिलने वाले राशन और अन्नपूर्णा योजना सहित विभिन्न सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं के लाभों से वंचित कर रही है।
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने इन आरोपों को निराधार बताया और कहा कि याचिकाकर्ताओं ने अपने दावों की पुष्टि के लिए एक भी उदाहरण पेश नहीं किया है। हालांकि, सीजेआई की अध्यक्षता वाली पीठ ने राज्य सरकार को इन आरोपों पर अपना जवाब दाखिल करने को कहा है।
इसी से जुड़े एक अन्य मामले में, सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार की उस अपील पर सुनवाई बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी, जिसमें कलकत्ता हाई कोर्ट की खंडपीठ के एक अंतरिम आदेश को चुनौती दी गई है।
हाई कोर्ट ने अपने आदेश में राज्य चुनाव आयोग को कोलकाता नगर निगम चुनावों का कार्यक्रम घोषित करने से रोक दिया था, जिसमें एक संशोधन अधिनियम के जरिए वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 कर दी गई थी।
मेहता ने दलील दी कि हाई कोर्ट ने गलती से यह निष्कर्ष निकाला कि राज्य सरकार के पास वार्डों की संख्या बढ़ाने और उसके परिणामस्वरूप वार्डों की सीमाओं में समायोजन करने का अधिकार क्षेत्र नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।