विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

परिसीमन से बंगाल में बदलेगा सियासी गणित, 63 लोकसभा और 441 हो सकती हैं विधानसभा सीटें

Published: Sun, 29 Nov 2026 06:19 PM (GMT+05:30)

बंगाल में प्रस्तावित परिसीमन से राज्य का चुनावी भूगोल, सामाजिक समीकरण और राजनीतिक दलों की रणनीति बदल सकती है।

परिसीमन के बाद बदल जाएगा बंगाल का सियासी गणित (फाइल फोटो-बंगाल विधानसभा)

परिसीमन के बाद बदल जाएगा बंगाल का सियासी गणित (फाइल फोटो-बंगाल विधानसभा)

HighLights

  1. लोकसभा सीटें 42 से 63, विधानसभा सीटें 294 से 441 होंगी।

  2. राजनीतिक दलों को उम्मीदवार चयन की रणनीति पर पुनर्विचार करना होगा।

  3. महिला आरक्षण से नेताओं की सियासी जमीन और अवसर बदलेंगे।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में प्रस्तावित परिसीमन केवल लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने की कवायद नहीं है। इसके साथ राज्य का चुनावी भूगोल, सामाजिक समीकरण और राजनीतिक दलों की चुनावी रणनीति भी बदल सकती है। खासकर उन क्षेत्रों में इसका प्रभाव महत्वपूर्ण होगा जहां किसी विशेष समुदाय की आबादी उम्मीदवार चयन और चुनाव परिणामों को प्रभावित करती रही है।

हालांकि, नए निर्वाचन क्षेत्रों के गठन से किसी समुदाय का राजनीतिक प्रभाव स्वतः समाप्त हो जाएगा, ऐसा मानना जल्दबाजी होगी। वास्तविक तस्वीर परिसीमन आयोग की ओर से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं निर्धारित किए जाने के बाद ही स्पष्ट होगी।

बता दें कि केंद्र सरकार के नए प्रस्ताव के अनुसार, परिसीमन के बाद पश्चिम बंगाल में लोकसभा सीटों की संख्या 42 से बढ़कर 63 और विधानसभा सीटों की संख्या 294 से बढ़कर 441 हो सकती है।

बंगाल की राजनीति में लंबे समय से सामाजिक और सामुदायिक समीकरणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर जैसे क्षेत्रों में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या उम्मीदवार चयन का अहम आधार रही है। इसी तरह नदिया और उत्तर 24 परगना के मतुआ बहुल क्षेत्रों, जंगलमहल के आदिवासी बहुल इलाकों तथा हिंदीभाषी श्रमिक बहुल औद्योगिक क्षेत्र में अलग-अलग सामाजिक समूहों की चुनावी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

राजनीतिक दलों को उम्मीदवार चयन के पुराने फार्मूले पर करना पड़ सकता है पुनर्विचार

नई सीमाएं निर्धारित होने के बाद इन क्षेत्रों के मतदाताओं का अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में बंटवारा हो सकता है। इससे किसी एक समुदाय का किसी सीट पर संकेंद्रण कम या अधिक हो सकता है।

नतीजतन, तृणमूल कांग्रेस, भाजपा, कांग्रेस और माकपा को उम्मीदवार चयन के पुराने फार्मूले पर पुनर्विचार करना पड़ सकता है। केवल किसी समुदाय के प्रभावशाली चेहरे को उम्मीदवार बनाने के बजाय व्यापक सामाजिक स्वीकार्यता, स्थानीय लोकप्रियता और संगठनात्मक पकड़ भी निर्णायक हो सकती है। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि धर्म या जाति आधारित चुनावी राजनीति समाप्त हो जाएगी।

परिसीमन निर्वाचन क्षेत्रों की भौगोलिक सीमाएं बदलता है, मतदाताओं की सामाजिक पहचान नहीं। इसलिए राजनीतिक दलों को नए क्षेत्रों में विभिन्न समुदायों के बीच समर्थन जुटाने की चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।

महिला आरक्षण से भी बदलेगी नेताओं की सियासी जमीन

इस प्रस्ताव से 21 और 147 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। इससे महिला नेताओं के लिए राजनीति में आगे बढ़ने के नए अवसर बनेंगे, लेकिन मौजूदा पुरुष सांसदों और विधायकों के सामने भी नई चुनौती होगी।

आरक्षित सीटों के निर्धारण और आवर्तन से कई नेताओं को अपने निर्वाचन क्षेत्र बदलने पड़ सकते हैं। साथ ही राजनीतिक दलों को महिला नेतृत्व तैयार करने और संगठन में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर भी ध्यान देना होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।