विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'भारत में आपका स्वागत है', स्टारलिंक मामले में राहुल गांधी की एंट्री; स्टारलिंक के बॉस ने कहा- 'धन्यवाद'

Published: Thu, 08 Oct 2026 11:39 PM (IST)

विपक्षी दल लंबे समय से देश में चुनिंदा उद्योगपतियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाते रहे हैं। मस्क के बयान ने इस मुद्दे को एक बार फिर गरमा दिया है।

स्टारलिंक मामले में राहुल गांधी की एंट्री (फोटो- एक्स)

स्टारलिंक मामले में राहुल गांधी की एंट्री (फोटो- एक्स)

HighLights

  1. मस्क ने सवाल किया कि क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं

  2. राहुल गांधी अंबानी और अदाणी पर लगातार हमला करते आ रहे हैं

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा के लाइसेंस को लेकर चल रहे विवाद के बीच टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बड़ा बयान दिया।

मस्क ने सवाल किया कि क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं? इस बयान पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने तंज कसते हुए प्रतिक्रिया दी।

एलन मस्क ने एक यूजर के पोस्ट को कोट करते हुए लिखा कि स्टारलिंक को दुनिया के 165 से अधिक देशों में लाइसेंस मिल चुका है।

कंपनी पिछले पांच साल से भारत सरकार के हर नियम-कानून का पालन करने की कोशिश कर रही है, फिर भी देश में लाइसेंस क्यों नहीं मिला? इसके तुरंत बाद उन्होंने पूछा- क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं।

इस पर राहुल गांधी ने जवाब देते हुए लिखा कि भारत में आपका स्वागत है, एलन। तब तक इंतजार करें जब तक आप दूसरे व्यक्ति को नहीं खोज लेते।

राहुल गांधी के इस कमेंट पर एलन मस्क ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि थैंक्यू राहुल। ये वाकई परेशान करने वाला है।

बता दें कि विपक्षी दल लंबे समय से देश में चुनिंदा उद्योगपतियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाते रहे हैं। मस्क के बयान ने इस मुद्दे को एक बार फिर गरमा दिया है।

इससे पहले भी मस्क बिना नाम लिए कुछ ताकतवर कारोबारियों पर स्टारलिंक की एंट्री रोकने का आरोप लगा चुके हैं। भारत सरकार इन आरोपों को खारिज कर चुकी है और कह चुकी है कि देश में सभी कंपनियों के लिए नियम एक समान हैं।