Move to Jagran APP

Weather Updates: मौसम ने बदली करवट, देश के इन क्षेत्रों में बारिश के आसार

पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर लद्दाख उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले 24 घंटे में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी और हरियाणा में भी हल्की बौछारें हो सकती हैं।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Fri, 17 Apr 2020 06:57 PM (IST)Updated: Sat, 18 Apr 2020 01:26 AM (IST)
Weather Updates: मौसम ने बदली करवट, देश के इन क्षेत्रों में बारिश के आसार

नई दिल्ली, जेएनएन। देश में गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। इस बीच बात अगर मौसम की करें तो अगले 24 घंटे में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज होगा। कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी का भी पूर्वानुमान है। दिल्ली में कहीं-कहीं हल्की बुंदाबांदी हो रही है।

loksabha election banner

आईएमडी के मुताबिक अगले 24 घंटों में तेलंगाना, रॉयलसीमा और नॉर्थ कर्नाटक में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। प्राइवेट फोरकास्टर स्काईमेट के मुताबिक पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले 24 घंटे में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी और हरियाणा में भी हल्की बौछारें हो सकती हैं। पूर्वोत्तर भारत में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से मौसम में बदलाव हो सकता है। दिल्ली में बादल छाए रहने के आसार हैं। वहीं, पश्चिमी यूपी के अलग-अलग इलाकों में बदली और बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। बताया जा रहा है कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को ताजा पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करेगा। 

राजस्थान में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है। गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में भी कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी आई थी। इस वजह से हवा की गुणवत्ता खऱाब हुई है। झारखंड के कई हिस्सों में अगले 3-4 दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं। 20 अप्रैल को रांची, जमशेदपुर जैसे कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हो सकती है।

पूर्वी यूपी में अगले कुछ दिनों में मौसम खराब रहने की आशंका है। मौसम का यह मिजाज किसानों के लिए सिरदर्द साबित हो सकता है क्योंकि यह सीजन फसलों की कटाई का है। अगर ऐसे वक्त में बारिश होती है तो पकी हुई फसल को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंच सकता है।

आज भी पहाड़ों में ओलावृष्टि की संभावना, मैदानों में तेज हवाएं

उत्तर भारत के पहाड़ों इलाकों में मौसम ने एकबार फिर करवट बदली है। उत्तराखंड और हिमाचल में जहां बारिश और ओलावृष्टि से मौसम ठंडा हुआ है। वहीं, जम्मू कश्मीर में भी पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी से राजमार्ग बंद हो गया है। इसके चलते दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में भी शुक्रवार शाम को मौसम कुछ सुहावना बना रहा। उत्तराखंड में शुक्रवार को प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई। जबकि, मैदानों में तेज हवाओं के साथ ही कई स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई। वहीं, चारधाम में देर शाम हल्की बर्फबारी हुई और यात्रा मार्गो से बर्फ हटाने का कार्य ठप हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को भी प्रदेश में मौसम ऐसा ही बना रहेगा। उत्तराखंड में बीते कुछ दिन तापमान लगातार बढ़ने के बाद शुक्रवार को पारा कुछ नीचे आया। अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर बादल और धूप की आंख-मिचौनी चलती रही।

हिमाचल में भी फिर बढ़ी ठंड

 चोटियों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश ने एक बार फिर ठंड बढ़ा दी। शुक्रवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान में सात से 13 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे अधिक भुंतर में 13 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लाहुल-स्पीति के कोकसर सहित अन्य चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है। किन्नौर की चोटियों पर भी बर्फबारी हुई।

कश्मीर में गुलमर्ग समेत कई चोटियों पर फिर बर्फबारी

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में शुक्रवार को पर्वतीय चोटियों पर फिर से बर्फबारी हुई। राज्य में पिछले तीन दिन से मौसम का मिजाज बदल रहा था। बारिश और बर्फबारी के चलते कश्मीर घाटी का तापमान तेजी से नीचे गिरा है। इससे वादी एक बार फिर ठंड की चपेट में आ गई है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को भी बारिश और बर्फबारी के आसार जताए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.