Weather Updates: ठंड से जमे पानी, कोल्ड ड्रिंक और अंडे; 13-16 जनवरी को बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी से केलंग में ठंड से तापमान इतना गिर गया कि बोतल में कोल्ड ड्रिंक्स और अंडे तक जम गए।
नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में ठंड का कहर एकबार फिर बढ़ने लगा है। इसके चलते लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत हिमाचल प्रदेश में हो रही है। यहां केलंग में ठंड से तापमान इतना गिर गया कि बोतल में कोल्ड ड्रिंक्स और अंडे तक जम गए। वहीं, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर में भी बर्फबारी के चलते परेशानी बनी हुई। पहाड़ों बर्फबारी होने से दिल्ली में भी ठंड का स्तर लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को धूप खिलने के बावजूद शीत लहर ने ठिठुरन का एहसास कराया। शनिवार को भी ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं, जबकि रविवार को हल्की बारिश हो सकती है।
हिमाचल में दो दिन से धूप चमकने के बावजूद लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली है। बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में भारी हिमपात से 198 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। पाइपें जाम होने से पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। कई जगहों पर पानी जमने से पाइप फट गए हैं। वहीं, पांच राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 835 सड़कें बंद हैं। ऊपरी क्षेत्रों में 3342 विद्युत ट्रांसफार्मर अभी भी ठप पड़े हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, 13 जनवरी और 16 जनवरी को प्रदेश में भारी बर्फबारी के साथ बारिश होने के संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
केलंग में टूटा 12 साल का रिकॉर्ड
लाहुल स्पीति जिला मुख्यालय केलंग में शुक्रवार को सीजन का सबसे कम -17.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जिले के अधिकतर हिस्से बर्फ से ढके हुए हैं। आलम यह है कि पेय पदार्थ, तेल और यहां तक कि अंडे तक बर्फ बन गए हैं। ऐसे में जिले के लोगों को खाने-पीने की चीजों के लिए जूझना पड़ रहा है। लाहुल स्पीति में इस बार ठंड का 12 साल पहले का रिकॉर्ड टूटा है।
जम्मू-कश्मीर में कल से फिर बर्फबारी व बारिश के आसार
राज्य में दो दिनों से खिली धूप के बावजूद तापमान सामान्य से नीचे ही चल रहा है। रविवार देर शाम से उच्चपहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। इस बीच शुक्रवार को लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 20.2 डिग्री सेल्सियस जबकि गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तराखंड में हिमपात से पर्यटन को मिलेगी सौगात
इस बार भी पहाड़ों में हुए माकूल हिमपात ने पर्यटन व्यवसायियों की मुराद पूरी कर दी है। उत्तरकाशी जिले की हर्षिल घाटी समेत निकटवर्ती पर्यटक स्थलों में बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पर्यटकों ने बुकिंग भी शुरू कर दी है। जानकारों के अनुसार पर्यटन व्यवसाय पर इस बर्फबारी का असर लंबे समय दिखेगा। बर्फ में ट्रैकिंग करने वालों के साथ ही स्नो बाइकिंग और स्कीइंग के लिए भी पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा।