Weather Updates: इंदौर में चौथा दिन भी रहा कोल्ड डे, एक फरवरी तक और सर्द रहेगा मौसम, जानें- ताजा अपडेट
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक एक फरवरी तक इंदौर में ठंड का असर बरकरार रहेगा। एक फरवरी को जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ आने के बाद चार फरवरी से इंदौर में दिन व रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी।
इंदौर, जेएनएन। शहर में लगातार चौथा दिन शुक्रवार भी कोल्ड डे रहा। दिन में उत्तर पूर्वी व पूर्वी हवाएं अधिकतम 22 से 24 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चली। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 22.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 7.2 डिग्री दर्ज किया गया।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक एक फरवरी तक इंदौर में ठंड का असर बरकरार रहेगा। एक फरवरी को जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ आने के बाद चार फरवरी से इंदौर में दिन व रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी।
यह पहला अवसर है जब पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति में इंदौर सहित प्रदेशभर में ठंड का असर बरकरार है और इंदौर में कोल्ड-डे स्थिति बनी हुई है।
उत्तरी मध्य प्रदेश में कोहरा, लेकिन कोल्ड-डे नहीं
पिछले पांच दिनों से कोई भी मजबूत सिस्टम न होने व पश्चिमी विक्षोभ का असर भी नहीं होने के कारण इस बार प्रदेश के तीन अलग-अलग हिस्सों में तीन तरह का मौसम दिखाई दे रहा है। उत्तरी मध्य प्रदेश में कोहरा है लेकिन कोल्ड-डे नहीं है। वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में कोल्ड-डे है लेकिन कोहरा नहीं दिखाई दे रहा है। पूर्वी मध्य प्रदेश में न कोहरा है और न ही कोल्ड-डे, वहां पर मावठा व हल्की बारिश देखने को मिल रही है।
बता दें कि मध्य प्रदेश के अलावा उत्तर भारत के कई अन्य राज्यों में जमकर कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर प्रदेश के कानपुर और लखनऊ में रोजाना पारा नीचे की ओर गिरता जा रहा है। वहीं, देश की राजधानी में भी शीत लहर के साथ ही मौसम में बदलाव हुआ है।
गौरतलब है कि पहाड़ों में जमकर बर्फबारी हो रही है। हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाके सफेद बर्फ की चादर में समा गए हैं। पहाड़ों में बर्फबारी तेज होने से मैदानी इलाकों में ठंड में तेजी आई है।