Weather Updates: दिल्ली में दशक का सबसे ठंडा दिन रहा शनिवार, अभी और पड़ेगी ठंड, कई राज्यों में बारिश का भी अलर्ट
Weather Updates दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह घना कोहरा रहा तो दिन भर बादल छाए रहे। एक बार भी सूरज के दर्शन नहीं हुए। आलम यह रहा कि घर की चहारदीवारी के भीतर भी लोग ठिठुरन और गलन महसूस करते रहे।
जागरण टीम, नई दिल्ली। पहाड़ों में हुए हिमपात के चलते उत्तर भारत के कई राज्य शीत लहर की चपेट में हैं। जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल और उत्तराखंड ही नहीं दिल्ली और एनसीआर में भी हिमपात का असर बढ़ी ठंड के रूप में दिखाई दे रहा है। वहीं, पंजाब और हरियाणा में भी ठंड बढ़ गई है। यही कारण है कि दिल्ली में शनिवार (15 जनवरी) का दिन सीजन का ही नहीं बल्कि पिछले दस साल का सबसे ठंडा दिन रहा।
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह घना कोहरा रहा तो दिन भर बादल छाए रहे। एक बार भी सूरज के दर्शन नहीं हुए। आलम यह रहा कि घर की चहारदीवारी के भीतर भी लोग ठिठुरन और गलन महसूस करते रहे।
शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले गत 19 दिसंबर को यह सामान्य से 4.7 डिग्री कम दर्ज हुआ था। मौसम विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो यह इस सीजन का ही नहीं बल्कि पिछले एक दशक का सबसे कम अधिकतम तापमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 72 से 100 प्रतिशत रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार और सोमवार को भी खूब ठंडक रहेगी।
देश के इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा कि 15 से 17 जनवरी के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना है। साथ ही पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी बारिश हो सकती है। शनिवार और अगले 4-5 दिनों के दौरान रायलसीमा, तमिलनाडु और केरल में भी बारिश के आसार बने हुए हैं। साथ ही मौसम विभाग ने शनिवार को ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई क्षेत्रों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बारिश का अनुमान
इनके अलावा मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में और अगले दो दिनों के दौरान बारिश की संभावना जताई है। साथ ही नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश होने की संभावना है। 16 से 19 जनवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बौछार की भविष्यवाणी की गई है।
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर घना कोहरा और बाद के 3 दिनों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भी घना कोहरा पड़ने की संभावना है।
देश के इन राज्यों में घने कोहरे के साथ ही ठंड के और तेज होने की संभावना
वहीं, अगले 2 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश और राजस्थान में घना से बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है। इस दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में ठंड और तेज हो सकती है।