विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 28, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Update Today: पहाड़ों पर हिमपात व मैदानों में घने कोहरे के आसार, जानें मौसम विभाग का पूर्वानुमान

By Jagran NewsEdited By: Mohd Faisal
Published: Wed, 28 Dec 2022 06:04 AM (IST)Updated: Wed, 28 Dec 2022 07:05 AM (IST)

आईएमडी ने कहा कि कई राज्यों में कोहरे के कम होने की संभावना है लेकिन बाद के 3-4 दिनों के ...और पढ़ें

Weather Update Today: पहाड़ों पर हिमपात व मैदानों में घने कोहरे के आसार (फाइल फोटो)
Weather Update Today: पहाड़ों पर हिमपात व मैदानों में घने कोहरे के आसार (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। उत्तर भारत में ठंड के साथ घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। एक तरफ शीत लहर के चलते ठिठुरन बनी रही। दूसरी ओर मंगलवार को कोहरे के कारण विमान और रेल यातायात बाधित हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में कोहरा छाए रहने की संभावना है।

दिल्ली में 7 डिग्री है न्यूनतम तापमान

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शीत लहर जारी है। ठंड से बचने के लिए लोग आग तापते दिखे। IMD के मुताबिक, आज राजधानी में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री है।

घने कोहरे से मिलेगी राहत

आईएमडी ने कहा कि कई राज्यों में कोहरे के कम होने की संभावना है, लेकिन बाद के 3-4 दिनों के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में घना कोहरा जारी रहने की संभावना है। बता दें कि मंगलवार को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश और इससे सटे उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3-7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। पश्चिमी राजस्थान के चूरू में सबसे कम न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को आकाश साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। जबकि मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिमाचल में ठंड से राहत नहीं

हिमाचल प्रदेश में शुष्क ठंड से राहत नहीं मिल रही है। एक सप्ताह में कई बार बादल छाए, लेकिन वर्षा नहीं हुई। चोटियों पर हिमपात के चलते पांच स्थानों पर तापमान जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को रोहतांग सहित चोटियों पर हिमपात होने की संभावना व्यक्त की है। जबकि निचले क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो सकती है। उसके बाद नए साल में दो जनवरी तक मौसम में बदलाव होने की संभावना कम है। बता दें कि प्रदेश में अक्टूबर में वर्षा हुई थी, नवंबर व दिसंबर में अब तक सूखे जैसी स्थिति बनी हुई है। इससे कृषि व बागवानी प्रभावित हो रही है।

अगले तीन दिन शीत दिवस का अलर्ट

उत्तराखंड में दिन में चटख धूप जरूर कुछ राहत दे रही है, लेकिन सुबह-शाम सर्द हवाएं दुश्वारियां बढ़ा रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिन ऊंची चोटियों पर हल्की वर्षा-बर्फबारी हो सकती है। जबकि, मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाये रहने के आसार हैं। खासकर ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में शीत लहर चलने के साथ ही अत्यंत शीत दिवस की स्थिति बनने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में सामान्य से 70 प्रतिशत कम बर्फबारी हुई है। इसके बावजूद ठंड में कोई कमी नहीं है। पंतनगर समेत कई मैदानी क्षेत्रों में पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

Weather Update: सितम ढा रही सर्दी, देहरादून, धर्मशाला और नैनीताल से भी नीचे पहुंचा राजधानी दिल्‍ली का पारा