विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 19, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Update Today: दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में सुबह कड़ाके की ठंड और घना कोहरा, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

By Jagran News Edited By: Siddharth Chaurasiya
Published: Fri, 19 Jan 2024 09:04 AM (IST)

दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड जारी है लेकिन मौसम विभाग का अनुमान है कि अब ठंड नहीं बढ़ेगी। दिल्ली में ...और पढ़ें

दिल्ली में न्यूनतम तापमान में बीते चार दिनों में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान में बीते चार दिनों में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड जारी है लेकिन मौसम विभाग का अनुमान है कि अब ठंड नहीं बढ़ेगी। दिल्ली में न्यूनतम तापमान में बीते चार दिनों में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में शुक्रवार तड़के न्यूनतम तापमान एकल अंकों में दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली के पालम मौसम केंद्र में सुबह घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी लेवल 50 मीटर तक गिर गया। आईएमडी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर देर रात साढ़े 12 बजे से सुबह साढ़े छह बजे तक घना कोहरा छाया रहा।

उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में अगले तीन से चार दिनों तक घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत तक लोगों को अगले चार दिनों तक शीतलहर से निजात मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, पंजाब के लुधियाना में सबसे कम 3.1 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, हरियाणा के सोनीपत, झज्जर, नारनौल, जींद, रेवाड़ी सहित कई स्थानों पर शीतलहर का कहर जारी है।

यूपी में कोल्ड डे की स्थिति बरकरार

मौसम विभाग की मानें तो अभी उत्तर प्रदेश में ठंड का सितम जारी रहेगा। 19 जनवरी को राज्य में कई जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पूर्वांचल में लगातार पूर्वी हवाएं चल रही हैं। हवाओं के असर के कारण कोहरा गायब हो रहा है। मौसम विभाग की मानें तो 19 जनवरी तक राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वी यूपी के कुछ स्थानों पर घना कोहरा और ठंड रहने की संभावना है। पश्चिम यूपी के अलग-अलग जिलों में तेज कोल्ड डे रहने की संभावना है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और उसके आसपास के इलाकों में तीव्र कोल्ड डे रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: Weather Updates: पहाड़ों से चल रहीं हवाओं ने बढ़ाई गलन, दिल्ली समेत कई राज्यों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट; थमी ट्रनों की रफ्तार

बिहार में भीषण ठंड के बीच बारिश का अलर्ट

बिहार में भी शीतलहर का कहर जारी है। पारा लगातार लुढ़क रहा है। बिहार में गुरुवार की शाम से लेकर शुक्रवार सुबह तक घना कोहरा छाया रहा। राज्य में घने कोहरे और बारिश जैसी स्थिति से लोगों का हाल बेहाल है। मौसम विभाग की माने तो ऐसी स्थिति 22 जनवरी तक रहने वाली है।

मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी पांच दिनों- 19, 20, 21, 22 और 23 जनवरी को अधिकतम तापमान 19, 18.5, 18, 19 और 19 डिग्री सेल्सियस। न्यूनतम तापमान 7, 7.5, 8, 8.5 और 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने औरंगाबाद में 22 जनवरी तक कोल्ड डे और घने स्तर के कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

हरियाणा, पंजाब में कैसा रहेगा मौसम?

आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि शुक्रवार से शनिवार के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में रात व सुबह में कुछ घंटों में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। रविवार और 23 जनवरी की सुबह के दौरान अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है।

उत्तराखंड और राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?

आईएमडी ने आगे कहा कि 23 जनवरी की सुबह तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात व सुबह के कुछ घंटों में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बने रहने की उम्मीद है। जबकि, 10 जनवरी, शुक्रवार को उत्तराखंड और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है और शनिवार को उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाया रह सकता है।

आईएमडी ने कहा कि शुक्रवार को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में दिन में बहुत कड़ाके की ठंड की स्थिति जारी रहने की संभावना है। शनिवार और रविवार को अलग-अलग हिस्सों में भी दिन में अधिक ठंड रहने की उम्मीद है।

आईएमडी ने कहा, "शुक्रवार को पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। वहीं, शनिवार और रविवार को शीतलहर की स्थिति जारी रहने की संभावना है।"

यह भी पढ़ें: Weather Update Today: उत्तर भारत में अगले पांच दिनों तक शीतलहर और कोहरे का डबल अटैक, पहाड़ी राज्यों होगी बर्फबारी