विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 08, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Update Today: दिल्ली-NCR में कल बारिश के आसार, सुबह-शाम चल रही शीतलहर; पढ़ें अपने राज्य के मौसम का हाल

By Agency Edited By: Mahen Khanna
Published: Mon, 08 Jan 2024 06:12 AM (IST)

Weather Update Today दिल्ली में धूप खिलने से दृश्यता का स्तर बढ़ गया है। हरियाणा में कहीं ओरेंज तो कहीं ...और पढ़ें

Weather Update Today दिल्ली में कल बारिश की संभावना।
Weather Update Today दिल्ली में कल बारिश की संभावना।

जागरण टीम, नई दिल्ली। उत्तर भारत में पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम ठंडा बना हुआ है। दिल्ली-एनसीआर और आसपास के मैदानी क्षेत्र से लेकर पहाड़ों तक कई जगह रविवार को कुछ देर के लिए धूप तो खिली, लेकिन सुबह और शाम के समय कंपकपी बनी रही।

पूरे उत्तर भारत में ही धुंध और कोहरे के कारण रेल और हवाई यातायात भी बाधित हो रहा है। वहीं, दिल्ली एनसीआर में बारिश आने की संभावना है। 

22 ट्रेनें एक से छह घंटे तक लेट 

सिर्फ दिल्ली से जुड़ी 22 ट्रेनें एक से छह घंटे तक लेट रहीं। रविवार को दिल्ली में कुछ देर धूप खिलने से दृश्यता के स्तर में सुधार देखने को मिला। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं, आइजीआइ एयरपोर्ट पर सुबह सात बजे दृश्यता का स्तर 1400 मीटर तक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह हल्के से मध्यम कोहरा होगा। दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।

हरियाणा में ओरेंज अलर्ट, कोहरे की चादर में लिपटा रहा पंजाब

हरियाणा में तापमान गिरने के बाद मंगलवार के लिए अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में सोमवार को ओरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। जबकि महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल और फरीदाबाद को छोड़कर अन्य जिलों में यलो अलर्ट की स्थिति है। रविवार को प्रदेश में सबसे न्यूनतम 6.7 डिग्री सेल्सियस तापमान भिवानी और अधिकतम 15.7 डिग्री सेल्सियस तापमान गुरुग्राम में रिकार्ड किया गया।

वहीं, पंजाब पिछले कुछ दिनों से कोहरे की चादर में लिपटा हुआ है। रविवार को धूप खिलने से कोहरा छंटा, लेकिन फिर भी शीतलहर से राहत नहीं मिल पाई। अमृतसर सबसे ठंडा रहा, जहां का तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिकों ने सोमवार और मंगलवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

हिमाचल में धुंध से तीन डिग्री गिरा तापमान

हिमाचल में लगभग एक सप्ताह से शीतलहर चल रही है। सात स्थानों पर तापमान जमाव बिंदु से नीचे है। न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। दिन में धूप खिलने से कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सूरज ढलते ही तापमान गिर रहा है।

दो दिन मंडी, कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर, सोलन व सिरमौर जिला में धुंध का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार नौ से 11 जनवरी तक हिमपात और वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने ठंड से आगामी दिनों में भी राहत न मिलने की संभावना जताई है।

चिल्लेकलां में नहीं मिल रही ठंड से राहत

वर्षों बाद ऐसा हुआ है कि जम्मू-कश्मीर में करीब दस दिन से धूप निकली ही नहीं है। वर्षा भी नहीं हो रही है, जिसके चलते पूरे प्रदेश में भीषण ठंड पड़ रही है। वहीं, धुंध और कोहरे के कारण रेल और हवाई यातायात भी बाधित चल रहा है। नेशनल हाईवे पर भी वाहनों की रफ्तार सुस्त हो गई है।

पूरी कश्मीर घाटी में तापमान जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है। लगातार शुष्क मौसम के कारण खांसी और गला खराब होने की समस्या काफी बढ़ गई है। भीषण ठंड के दौर चिल्लेकलां में मौसम कश्मीर घाटी में कोई राहत देने के मूड में नहीं है।

पहाड़ों पर धूप तो मैदान में कोहरा और पाले की मार

उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है और ज्यादातर पर्वतीय क्षेत्रों में चटख धूप खिल रही है। मैदानी क्षेत्रों में कोहरा दुश्वारियां बढ़ा रहा है। ज्यादातर क्षेत्रों में पाले की मार से भी जनजीवन प्रभावित है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय होने का अनुमान है।

इससे मंगलवार को 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की वर्षा हो सकती है। इससे न्यूनतम तापमान में भी एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जा सकती है। स्थान न्यूनतम अधिकतम श्रीनगर -5.6 11.6 गुलमर्ग -4.4 8.1 पहलागम -6.5 7.9 सुंदरनगर -0.2 21.3भुंतर -0.5 18.5 कल्पा -2.0 11.0 मुक्तेश्वर 3.9 12.1 मसूरी 3.3 13.2 नई टिहरी 4.0 16.0 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।