Move to Jagran APP

Weather Update Today: पहाड़ों पर होगी बर्फबारी, लोगों को सता रहा शीत लहर का डर; जानें IMD का ताजा पूर्वानुमान

दिल्ली समेत उत्तर भारत के सभी राज्यों में अब लगातार ठंड बढ़ रही है। यूपी दिल्ली बिहार झारखंड हिमाचल प्रदेश उत्तराखंड जम्मू और कश्मीर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में गिरावट जारी है और लोगों को अब शीतलहर का डर सताने लगा है।

By Versha SinghEdited By: Published: Sat, 03 Dec 2022 08:06 AM (IST)Updated: Sat, 03 Dec 2022 08:06 AM (IST)
पहाड़ों पर होगी बर्फबारी, लोगों को सता रहा शीत लहर का डर

नई दिल्ली। दिल्ली समेत उत्तर भारत के सभी राज्यों में अब लगातार ठंड बढ़ रही है। यूपी, दिल्ली, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू और कश्मीर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में गिरावट जारी है और लोगों को अब शीतलहर का डर सताने लगा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह के समय कोहरे की चादर लिपटी नजर आ रही है। वहीं, शाम को भी मौसम में ठंडक देखने को मिल रही है। 

loksabha election banner

मौसम विभाग की मानें तो उत्तर भारत में एक ओर जहां ठंड में बढ़ोतरी होगी, वहीं दूसरी ओर दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके अलावा, पहाड़ों पर यानी हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर के कुछ इलाको में बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है।

यह भी पढ़ें- सीजेआइ डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा- शिक्षित लोग ही बेहतर निर्णय लेने वाले, यह कुलीन समझ खारिज करने की जरूरत

मौसम विभाग ने बताया कि तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप और कर्नाटक में अगले 3-4 दिनों तक बारिश होगी। इतना ही नहीं, 3 दिसंबर को तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना है। 4 दिसंबर 2022 के आस-पास दक्षिण अंडमान सागर में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उभरने की संभावना है। जिसके प्रभाव में 5 दिसंबर के आस-पास दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और इससे सटे दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और केंद्रित होने की संभावना है। अगले 48 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में एक दबाव बन जाएगा। इसके बाद, इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 8 दिसंबर को तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों के पास पहुंचने की संभावना है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में अधिकतम तापमान  25 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। राष्ट्रीय राजधानी और एनसीआर के इलाकों में सुबह के समय कोहरा देखने को मिल रहा है। कई जगहों पर विजिबिलिटी काफी कम है। वहीं, प्रदूषण के स्तर में कोई सुधार होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मुख्य रूप से पश्चिमी विक्षोभ की संभावित गतिविधि के कारण कम सर्दी रहेगी।

यूपी-बिहार सहित इन राज्यों में मौसम का हाल

बिहार और उत्तर प्रदेश में पछुआ हवा चलने से अचानक ठंड बढ़ गई है। बिहार की राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और पूर्वी चंपारण समेत कई जिलों में तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई और ठिठुरन बढ़ गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कंपकंपी और बढ़ सकती है। वहीं, यूपी, उत्तराखंड और झारखंड में भी ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग की मानें तो आज भी तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं, दिल्ली में अगले दो-तीन दिनों तक सुबह में धुंध छाई रहेगी और दिन में धूप खिलने के आसार हैं।

आज कहां-कहां होगी बारिश

मौसम संबंधी जानकारी देने वाली वेबसाइट स्काईमेट वेदर के मुताबिक, आज तमिलनाडु और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। इतना ही नहीं, केरल में छिटपुट हल्की बारिश संभव है। इसके अलावा, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के साथ-साथ जम्मू कश्मीर के ऊपरी इलाकों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली, मुंबई, पुणे और अहमदाबाद की वायु गुणवत्ता में कोई महत्वपूर्ण सुधार की उम्मीद नहीं है।

यह भी पढ़ें- Afghanistan: अफगानिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री गुलबुद्दीन हिकमतयार पर जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे

पहाड़ों पर बर्फबारी

पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंडक महसूस होने लगी है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर के कुछ इलाको में बर्फबारी के आसार नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है।

उत्तराखंड में मौसम का हाल

अगले चार दिन तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी, जिससे ठंड बढ़ने की संभावना है।

हालांकि, फिलहाल वर्षा की संभावना नहीं है। ऐसे में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। मौसम विभाग ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ही कहीं-कहीं घने बादल छाए रहने और बूंदाबांदी की संभावना जताई है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.