Weather Today: राजधानी दिल्ली में आज फिर हो सकती है हल्की बारिश, जानें- आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम
Weather Today- राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में आज मौसम साफ रहेगा। भीषण गर्मी से राहत बरकरार रहेगी। तापमान में कुछ वृद्धि होगी लेकिन लू नहीं चलेगी। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश भी होने की संभावना है।
नई दिल्ली, एजेंसी। राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मौसम फिर करवट ले सकता है। शुक्रवार को भी भीषण गर्मी से राहत बरकरार रहेगी। तापमान में कुछ वृद्धि होगी, लेकिन लू नहीं चलेगी। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश भी होने की संभावना है। इधर, गर्मी के तेवर अभी भी नरम ही हैं। गुरुवार को भी दिल्ली का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। हवा में नमी का स्तर 90 से 36 प्रतिशत रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार तक दिल्ली का तापमान 40 डिग्री से ऊपर नहीं जाएगा। गुरुवार को भी दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता मध्यम से खराब श्रेणी में रही। अभी एक-दो दिन इसमें अधिक बदलाव नहीं होगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में हल्की या मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं, इस दौरान बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। असम-मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज भारी बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड के कई जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के कुमाऊं मंडल के पर्वतीय क्षेत्र में गर्जना के साथ ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली, झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली आदि जिलों में भी दोपहर बाद या शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। मगर पहाड़ी जिलों में अभी बारिश का क्रम जारी रहेगा।
हिमाचल में मौसम साफ रहेगा
हिमाचल प्रदेश के चार मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा। मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश के आसार हैं। 28 से 30 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। गुरुवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा।