Weather Update: बारिश और बर्फबारी ने कई राज्यों में बढ़ाई ठंड, जानें- मौसम का पूरा हाल
28 नवंबर को ओडिशा में और कुछ दिनों तक लगातार केरल तमिलनाडु और पुदुचेरी में भी बारिश व मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है।
नई दिल्ली, एजेंसियां। नवंबर का महीना का खत्म होने को आया है और इसके साथ ही देश के कई राज्यों में ठंड का असर भी दिखने लगा है। हालांकि, उत्तरभारत में लोगों के गरम कपड़े निकल गए हैं, लेकिन कई जगहों पर झमाझम बारिश भी हो रही है। वहीं, बर्फबारी की भी खबर सामने आ रही है। आगे के कई दिनों के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा कुछ जगहों पर बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है।
IMD द्वारा 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक की रिपोर्ट जारी की है। इसमें सबसे पहले जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा और बर्फबारी का अनुमान लगाया गया है। इसके अलावा तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल में भी अलग-थलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना लगाई गई। आपको बता दें कि पुदुचेरी में बुधवार को सुबह बारिश पड़ी भी थी।
वहीं, रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब और हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर बिजली कड़कने और बारिश होने की संभावना लगाई है। इसके अलावा केरल, माहे में भी मौसम खराब होने की संभावना है। 28 नवंबर को ओडिशा में और कुछ दिनों तक लगातार केरल, तमिलनाडु और पुदुचेरी में भी बारिश व मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है।
राज्यों की अपडेट
हिमाचल में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने पूरी तरह करवट बदल ली है। पहाड़ों समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बर्फबारी का दौर बदस्तूर जारी है। मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में रात को हल्की बारिश होने से पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में है। लाहुल व कुल्लू की पहाड़ियों में रुक रुक कर बर्फ़बारी का दौर जारी है। जिला कांगड़ा में धौलाधार की पहाडि़यों पर भी बर्फबारी हो रही है, जिससे पूरी घाटी ठंड की चपेट में है।
(हिमाचल प्रदेश: किन्नौर जिले के सांगला घाटी में बर्फ से ढके पेड़।)
Himachal Pradesh: Narkanda in Shimla district receives snowfall. pic.twitter.com/03D7vXnJRP — ANI (@ANI) November 27, 2019
Himachal Pradesh: Reckong Peo in Kinnaur district receives snowfall. pic.twitter.com/FEwPfM9uL2 — ANI (@ANI) November 27, 2019
कश्मीर में बर्फबारी
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रीय होते ही उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश शुरू हो गई है। बारिश, बर्फबारी के चलते जम्मू-कश्मीर में तापमान में भारी गिरावट आई है। जम्मू में सुबह पहले पहर हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद अभी भी बादल छाये हुए हैं। बीच-बीच में सूर्यदेव के दर्शन हो रहे, लेकिन ठंड का प्रकोप जारी है।
कश्मीर के उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश के बावजूद जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर छोटी गाड़ियों की आवाजाही जारी है। बडे़ वाहन कश्मीर से जम्मू के लिए छोडे़ गए। श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय मार्ग को खोलने के प्रयास जारी हैं लेकिन आज हुई बर्फबारी के बाद फिर से कार्य प्रभावित हुआ है। वहीं पुंछ से कश्मीर को जोड़ने वाला ऐतिहासिक मुगल रोड भी बंद हैं। मौसम विभाग से मिली जानकारी अनुसार वीरवार शाम तक मौसम खराब रहेगा। उसके बाद मौसम साफ होने लगेगा। मौसम के उतार चढ़ाव के बीच बुधवार को जम्मू-कश्मीर-लेह में तापमान सामान्य से नीचे रहा।
उत्तराखंड में सुंदर मौसम
उत्तराखंड से भी काफी खूबसूरत तस्वीरें सामने आई है। कस्बे में भारी बर्फबारी के कारण बद्रीनाथ मंदिर बर्फ की चादर से ढक गया।
Uttarakhand: Badrinath Temple covered in a sheet of snow due to heavy snowfall in the town. pic.twitter.com/sz84Eqnaty — ANI (@ANI) November 27, 2019
केदारनाथ में बर्फबारी हुई।
Uttarakhand: Kedarnath received snowfall today. pic.twitter.com/4ntadNjAlN — ANI (@ANI) November 27, 2019
दिल्ली का हाल
ठिठुरन भरी सर्दी के लिए दिल्लीवासियों को दिसंबर तक का इंतजार करना होगा। बार बार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभों की वजह से इस बार सर्दी अपनी रंगत नहीं दिखा पा रही है। मंगलवार को तो लोगों ने हल्की गर्मी का एहसास किया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री अधिक दर्ज किया गया। स्काईमेट वेदर के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान हवा की गति कम हुई है और दिशा भी बदलकर पूर्वी हो गई है। इससे दिल्ली एनसीआर में नमी बढ़ी है। अब शुक्रवार से मौसम में बदलाव होंगे।