Weather Update: कड़ी धूप के बीच बिगड़ा मौसम, इन राज्यों में जल्द होगी भारी बारिश, अलर्ट जारी
मौसम विभाग द्वारा शुक्रवार को भी कई राज्यों में भीषण गर्मी के बीच मौसम बदलने के आसार लगाए गए हैं। इसके अलावा जल्द बारिश भी होने जा रही है देश के ज्यादातर राज्यों में...
नई दिल्ली, एजेंसी। पिछले कुछ दिनों पहले तक ठंडी हवा और कहीं मानसून की बारिश तो कहीं प्री-मानसून बारिश से मौसम सुहाना रहा। हालांकि, गर्मी से जैसी राहत मिलनी चाहिए थी, वैसा सुकून नहीं मिल सका। देश के कई राज्यों में अच्छी बारिश हुई, लेकिन उत्तर भारत के राज्यों में कई जगहों पर बारिश नहीं हुई। राजधानी दिल्ली में भी काफी बारिश हुई, लेकिन साथ में लगे NCR के कुछ शहरों में खुलकर बारिश ना हो सकी। जिस कारण वहां अभी भी गर्मी से बुरा हाल है। वहीं, अब मौसम विभाग की माने तो जल्द मौसम एक बार फिर बिगड़ेगा और बारिश होने की भी उम्मीद लगाई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के मुताबिक, आज और अगले कई दिनों तक ज्यादातर राज्यों के तमाम शहरों में बारिश हो सकती है। वहीं, कहीं जगह भारी बारिश का भी पूर्वानुमान लगाया गया है। विभाग द्वारा कोंकण-गोवा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, असम-मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश-यनम, तटीय कर्नाटक, गुजरात क्षेत्र, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, सौराष्ट्र-कच्छ, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और गुजरात राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है।
इसके अलावा, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम-त्रिपुरा, तेलंगाना, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, और चंडीगढ़-दिल्ली में भी भारी बारिश का अलर्ट है।
वहीं, पूर्वी राजस्थान और हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल-सिक्किम, ओडिशा, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, असम-मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम -त्रिपुरा, गुजरात राज्य, झारखंड, तटीय आंध्र प्रदेश-यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, कर्नाटक, केरल-माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी-कराईकल और लक्षद्वीप के इलाकों में गरज और तेज़ हवाओं के साथ आंधी चलने की उम्मीद लगाई गई है।
राज्यों का अलग से हाल
दिल्ली-NCR में जल्द होने वाली है बारिश
दिल्ली-NCR में पिछले कई दिनों से मौसम गर्म है। शुक्रवार को भी गर्मी और उमस का दौरा जारी थी। हालांकि, दोपहर से ही मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में अगले कुछ देर में बारिश होगी। दिल्ली के अलावा फरीदाबाद, सोहना, होडल, नूंह, नारनौल और महेंद्रगढ़ में तेज हवा के साथ बाढ़ हो सकती है। हवाएं 20-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।
बिहार के मौसम का हाल?
राज्य मौसम विभाग और राष्ट्रीय मौसम विभाग दोनों ने बिहार के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, भागलपुर सहित आसपास के जिलों में शुक्रवार को मौसम साफ रहा। कहीं से बारिश की सूचना नहीं है। लेकिन मौसम में नमी है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 48 घंटे तक बारिश का अलर्ट जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर में बारिश का इंतजार
राज्य में उमस के साथ चुभने वाली धूप ने लोगों को बेहाल कर रखा है। यहां अब जल्द मानसून का इंतजार है। बढ़ती हुई उमस से जल्द बारिश के आसार बनते दिख रहे हैं हालांकि मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को मोसम साफ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार कल भी मौसम साफ रहेगा। मानसून में जिस तरह की बारिश होनी चाहिए, उसका इंतजार अभी बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार इसी सप्ताह मानसून सक्रिय होने की उम्मीद लगाई जा रही है।
पानी-पानी मुंबई
महाराष्ट्र में शुक्रवार सुबह से ही भारी बारिश का दौर शुरु हो गया है। भारी बारिश के कारण हिंदमाता क्षेत्र पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। इसी प्रकार अन्य इलाकों से भी जलभराव को समस्या को लेकर खबरें आ रहीं हैं। भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार को मुंबई में भारी से भारी बारिश होने की संभावना जतायी थी। मौसम विभाग ने 7 जुलाई तक ऐसे ही तेज बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।
झारखंड में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने धनबाद, जामताड़ा, देवघर और दुमका में गरज के साथ बारिश होने की संभावना जतायी है। इसके साथ ही इन जिलों में वज्रपात से भी सावधान रहने की चेतावनी जारी की है। कहा गया कि तीन जुलाई से राज्य के ज्यादातर शहरों में बारिश होने की संभावना है। चार और पांच को ज्यादा बारिश होगी। चार जुलाई को उत्तर पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है।