विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अभी सताएगी गर्मी! राजस्थान में 50 डिग्री तक पहुंचा तापमान, दिल्ली, हरियाणा और यूपी सहित कई राज्यों में IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

Published: Thu, 23 May 2024 07:00 AM (IST)Updated: Thu, 23 May 2024 09:01 AM (IST)

देश के कई हिस्सों में इन दिनों जबर्दस्त गर्मी पड़ रही है। राजस्थान में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। यह देश में सर्वाधिक रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिन में और अधिक गर्मी की चेतावनी जारी की है। विभाग ने राजस्थान पंजाब हरियाणा चंडीगढ़ दिल्ली और पश्चिमी यूपी को लेकर चेतावनी जारी की है।

Weather Update Today: देश के कई हिस्सों में इन दिनों जबर्दस्त गर्मी पड़ रही है
Weather Update Today: देश के कई हिस्सों में इन दिनों जबर्दस्त गर्मी पड़ रही है

HighLights

  1. Weather Today: अधिक तापमान फसलों के लिए काफी नुकसानदायक साबित होगा
  2. Weather Update: मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिन में और अधिक गर्मी की चेतावनी जारी की
  3. HeatWave Alert India: तेज गर्मी और लू के चलते लोगों को काफी परेशान हो सकती है
  4. Weather Today: हिमाचल प्रदेश में बढ़ती गर्मी के कारण पेयजल संकट गहराने लगा है

 जागरण टीम, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में इन दिनों जबर्दस्त गर्मी पड़ रही है। राजस्थान में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। यह देश में सर्वाधिक रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिन में और अधिक गर्मी की चेतावनी जारी की है। विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी यूपी को लेकर चेतावनी जारी की है।

तेज गर्मी और लू के चलते लोगों को काफी परेशान हो सकती है। मौसम विभाग चंडीगढ़ ने दिन के साथ-साथ अब रात में लू चलने को लेकर चेतावनी जारी की है। उधर, कृषि विशेषज्ञों के अनुसार अगर रात का तापमान लगातार सामान्य से अधिक रहा, तो यह फसलों के लिए काफी नुकसानदायक साबित होगा।

पेयजल संकट गहराने लगा

मौसम विभाग ने अभी अगले तीन से चार दिन में और अधिक गर्मी की चेतावनी जारी की है। भीषण गर्मी के मैदानी राज्य तो तप ही रहे हैं, पहाड़ भी इससे अछूते नहीं है। हिमाचल प्रदेश में बढ़ती गर्मी के कारण पेयजल संकट गहराने लगा है। जलशक्ति विभाग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 478 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं।

विभाग ने गर्मियों के दिनों में फील्ड स्टाफ की छुट्टियों को रद कर दिया है। यदि कहीं पर पानी की कमी होगी तो टैंकरों से सप्लाई की जाएगी। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में लू चलने जैसी स्थिति हैं। शिमला व समीपवर्ती क्षेत्रों में तीसरे दिन भी कई क्षेत्रों में हल्की वर्षा होने से गर्मी से राहत मिली। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में दोपहर बाद वर्षा होने से मैदान में भी गर्मी से कुछ राहत मिली है।

अवकाश रद

गर्मी को ध्यान में रखते हुए राजस्थान में संभागीय आयुक्तों, जिला कलक्टरों, उपखंड अधिकारियों, जलदाय, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। बिजली कंपनियों के अधिकारियों व कर्मचारियों के अवकाश भी रद कर दिए गए हैं। जयपुर में नगर निगम की ओर से प्रमुख चौराहों एवं लालबत्ती पर वाहन चालकों और राहगीरों को राहत देने के लिए ऊपर टेंट लगाए गए हैं।

पहाड़ भी झुलस रहे

जम्मू कश्मीर में पहाड़ और मैदान भीषण गर्मी से झुलस रहे हैं। जम्मू संभाग में बुधवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 28 मई तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई है। जम्मू जिला मजिस्ट्रेट ने बढ़ते तापमान को देख नागरिकों से घर से बाहर जाने से बचने की अपील की।

रात में भी चलेगी लू, रेड अलर्ट जारी

पिछले एक सप्ताह से पंजाब में चल रही लू के कारण भीषण गर्मी पड़ रही है। अब रात में भी लू चलेगी। मौसम विभाग के अनुसार छह जिलों में रात का तापमान सामान्य से लगभग छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। चंडीगढ़ व मोहाली में रात का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बठिंडा का अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग चंडीगढ़ ने दिन के साथ-साथ अब रात में लू चलने को लेकर चेतावनी जारी की है। उधर, कृषि विशेषज्ञों के अनुसार अगर रात का तापमान लगातार सामान्य से अधिक रहा, तो यह फसलों के लिए काफी नुकसानदायक साबित होगा।

रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही तपाएंगे सूर्य देव

ज्येष्ठ माह के पहले नौ दिनों तक सूर्य देव प्रचंड गर्मी से लोगों को बेहाल करेंगे। 24 मई से ज्येष्ठ माह शुरू होगा और 25 से नौ दिनों तक नौतपा रहेगा। नौ दिनों तक भयंकर गर्मी से मानसून के आने का संकेत भी मिलता है। बारिश से पहले नौतपा तापमान सर्वाधिक होता है।

आचार्य आनंद दुबे ने बताया, धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ज्येष्ठ माह के पहले नौ दिनों तक सूर्यदेव रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते हैं। सूर्यदेव के इस बार 25 मई को रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के साथ ही नौतपा शुरू हो जाएगा। सूर्य देव आठ जून तक रोहिणी नक्षत्र में रहेंगे।

इस बार मानसून अपने समय से आ सकता है

आचार्य एसएस नागपाल ने बताया, जब सूर्यदेव ज्येष्ठ माह में रोहिणी नक्षत्र में होते हैं, तब सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं। इसकी वजह से प्रचंड गर्मी पड़ती है। इसी नौ दिनों में बारिश का अनुमान भी लगाया जाता है। हिंदू पंचांग के मुताबिक इस बार मानसून अपने समय से आने और अच्छी बारिश होने के संकेत हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।