Weather forecast: बारिश से दिल्ली में अभी और बढ़ेगी ठंड, आने वाले दिनों में 4 से 5 डिग्री तक गिरेगा पारा
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार बारिश के बाद दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री तक नीचे जा सकता है।
नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तर भारत के पहाड़ों में बर्फबारी का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। इससे उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। ऊंचे पहाड़ों पर जहां बर्फबारी जारी है। वहीं, मैदानी इलाकों में बारिश के चलते ठंड बढ़ गई है। दिल्ली एनसीआर में भी गुरुवार को पूरे दिन हुई बारिश से शुक्रवार को ठंड बढ़ गई है।
राजधानी में गुरुवार-शुक्रवार रात हुई बारिश के बाद छाई धुंध से दिल्ली में ठंड बढ़ेगी। अनुमान है कि आने वाले दिनों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार बारिश के बाद दिल्ली का न्यूनतम तापमान घटकर 11.3 पर पहुंच गया है। आने वाले दिनों में यह 4 से 5 डिग्री तक नीचे जा सकता है। इसके अलावा अधिकतम तापमान भी कुछ गिर सकता है।
पहाड़ बर्फ से लकदक
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में गुरुवार शाम से शुरू हुआ बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। उत्तराखंड में मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मौसम के मिजाज में शनिवार को भी कोई बदलाव नहीं होगा। ऐसे में उत्तराखंड में अलर्ट जारी किया है।
मौसम खुला, सड़कें अभी बंद
हिमाचल में ताजा बर्फबारी से प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। शुक्रवार को कुछ ऊंचे क्षेत्रों को छोड़कर प्रदेशभर में धूप खिली, लेकिन 265 सड़कों पर यातायात बाधित है। शिमला और कुल्लू में ताजा बर्फबारी के बाद गाडि़यों की आवाजाही बंद होने से दिक्कतों का सामाना करना पड़ा।
उप्र में हाड़ कंपाने वाली सर्दी
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को हाड़ कंपाने वाली सर्दी रही। मध्य उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और पूर्वाचल के जिलों में तापमान में गिरावट आई। वाराणसी, फैजाबाद और कानपुर के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आगामी दिनों में हल्की से मध्यम बदली छाई रहेगी। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी और बारिश के आसार हैं। वाराणसी, सोनभद्र, बलिया, आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मीरजापुर और भदोही में शुक्रवार सुबह से घने बादलों ने डेरा जमाया। तेज बारिश की आशंका के बीच कुछ जगहों पर फिलहाल बूंदाबांदी ही हुई। मौसम वैज्ञानिक प्रो. एसएन पांडेय के अनुसार शनिवार को कुछ जगहों पर बूंदाबांदी और हल्की बारिश के आसार हैं।