विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चक्रवाती तूफान के कारण कई राज्यों में बदला मौसम, दिल्ली में रहा अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन

Published: Sat, 31 Oct 2026 01:51 AM (IST)

दिल्ली में चार साल में अक्टूबर माह में एक दिन में सबसे अधिक 61.4 मिमी मिमी वर्षा भी दर्ज की ...और पढ़ें

चक्रवाती तूफान के कारण कई राज्यों में बदला मौसम

चक्रवाती तूफान के कारण कई राज्यों में बदला मौसम

HighLights

  1. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश व ठंडी हवाओं के चलने से दिन का पारा नौ डिग्री तक गिरा

  2. बिहार व हिमाचल प्रदेश के भी कई जिलों में वर्षा, मप्र में धान की फसल को हुआ नुकसान

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान 'अर्णब' और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई राज्यों का मौसम बदल गया है। कहीं भारी तो कहीं हल्की वर्षा से तापमान गिर गया है।

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार अक्टूबर माह का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान गिरकर 20.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो 1951 के बाद अक्टूबर माह में सबसे कम अधिकतम तापमान है। यह सामान्य से 10.3 डिग्री कम दर्ज किया गया।

दिल्ली में चार साल में अक्टूबर माह में एक दिन में सबसे अधिक 61.4 मिमी मिमी वर्षा भी दर्ज की गई। इससे पहले नौ अक्टूबर, 2022 को 74 मिमी वर्षा हुई थी। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए राजधानी के कई हिस्सों में और बारिश तथा आंधी-तूफान की चेतावनी दी है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ठंडी हवाओं के चलने से दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया। पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में मौसम का असर अधिक रहा।

प्रदेश में औसतन 7.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शनिवार को भी लखनऊ समेत 20 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। बिहार में पटना सहित कई जिलों में पूरे दिन रुक-रुक कर वर्षा होती रही।

खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई है। कृषि कार्य भी बाधित हुआ है। किसानों ने धनकटनी रोक दी है। आलू की रोपाई स्थगित कर दी है। अर्णब के प्रभाव से पूरे मध्य प्रदेश में दिन का तापमान औसत पांच से छह डिग्री गिरा। भोपाल में 6.8 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई।

खजुराहो, राजगढ़ और सीधी में सर्वाधिक तीन-तीन मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते शुक्रवार को पंजाब के कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। इसका तापमान पर भी पड़ा।

शनिवार को पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों, खासकर किन्नौर, शिमला और लाहौल-स्पीति जिलों में हल्की बर्फबारी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।