विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'महिला आरक्षण को हम लागू करके रहेंगे', अमित शाह का राहुल गांधी पर कटाक्ष, बोले- नाच न आवे आंगन टेढ़ा

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:12 PM (GMT+05:30)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संविधान गौरव दिवस पर राहुल गांधी को संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के अपमान का आरोप लगाते हुए घेरा। 

महिला आरक्षण को हम लागू करके रहेंगे। (फाइल)

महिला आरक्षण को हम लागू करके रहेंगे। (फाइल)

HighLights

  1. शाह ने राहुल गांधी पर संविधान अपमान का आरोप लगाया।

  2. राहुल की हार पर 'नाच न आवे, आंगन टेढ़ा' मुहावरा कहा।

  3. गृह मंत्री ने महिला आरक्षण लागू होने का दृढ़ दावा किया।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। संविधान गौरव दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के अपमान का आरोप लगाते हुए आड़े हाथों ले लिया।

कहा- 'हम भी बहुत लंबा समय विपक्ष में बैठे हैं। आपकी कई बातों सहमति नहीं थी, लेकिन हमने कभी सड़क पर बहस की मांग नहीं की। कभी देश की अदालतों को अच्छा-बुरा नहीं कहा। कभी देश की संसद में चर्चा को ठुकराया नहीं है। हमने कभी चुनाव आयोग का अपमान नहीं किया है। हमने कभी चुनावी प्रक्रिया को सिरे से नकारा नहीं है। राहुल की समस्या यह है कि 20 साल से लगातार चुनाव हार रहे हैं। जब से वह आए हैं, एक भी विजय भाग्य में नहीं आई है। उत्तर भारत में एक कहावत है- नाच न आवे, आंगन टेढ़ा।'

33 प्रतिशत महिला आरक्षण मिलेगा ही मिलेगा- शाह

वहीं यह भी स्पष्ट कर दिया कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण मिलेगा ही मिलेगा, कांग्रेस इसे रोक नहीं सकती है। गौरतलब है कि 30 नवंबर से मानसून सत्र का विस्तार बुलाया जा रहा है। इसमें महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पारित कराने की कोशिश होगी।

भाजपा दिल्ली प्रदेश इकाई द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गृह मंत्री ने विपक्ष द्वारा कई दिनों से की जा रही सत्ता परिवर्तन, भारत में नेपाल और बांग्लादेश जैसे हालात जैसी बातों का उल्लेख किए बिना इशारों में जवाब दिया। बोले- संविधान निर्माताओं ने तय किया था कि सत्ता मिलेगी भी जनता के माध्यम से और जाएगी भी जनता के माध्यम से। सत्ता किसको देनी है, यह जनता को तय करने का अधिकार दे दिया।

पंद्रह मिनट निकालकर संविधान की भावना समझें- शाह

उन्होंने कहा कि संविधान की मूल प्रति में प्रभु श्रीराम का अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोविंद सिंह जी, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी यात्रा और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र लगाकर संविधान के एक-एक अध्याय की शुरुआत हुई है। आज जो लोग हाथ में संविधान लेकर घूम रहे हैं, उनको मेरा आग्रह है कि संसद की लाइब्रेरी में जाकर पंद्रह मिनट निकालकर संविधान की भावना को समझने के लिए नंदलाल बोस के चित्रों को देखें।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा कि संविधान को सम्मान देने के दो तरीके हैं। कोई संविधान को पॉकेट में रखकर लहरा भी सकता है, जनता को दिखा सकता है और दूसरा तरीका है जिसमें संविधान की कसौटियां पर व्यक्ति और राजनीतिक दल के नाते खरा उतरना होता है। जो लोग संविधान का दिखावे के लिए उपयोग करते हैं, वह संविधान को फुलस्टॉप-कॉमा में पढ़ने की बजाए उसकी भावना को समझने का प्रयास करेंगे तो शायद आगे फायदा होगा।

चूंकि, कांग्रेस सहित विपक्षी दल भाजपा सरकार में संविधान पर संकट बताते हैं, इसलिए गृह मंत्री शाह ने इस पर भी विस्तार से बात की। बोले कि इस देश पर कांग्रेस ने लंबे समय तक शासन किया। हमारे देश के संविधान ने ही संसद को संविधान में सुधार करने का अधिकार दिया। कांग्रेस ने भी अनेक सुधार किए और भाजपा सरकार ने भी अनेक सुधार किए। दोनों पार्टियों का परिचय इससे होता है कि सुधार किस विषय पर किया।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अनुच्छेद 19 में 19-ए जोड़ा। जवाहरलाल नेहरू ने इससे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को खत्म किया। 24वें संशोधन में कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर नागरिकों के मौलिक अधिकारों को समाप्त कर दिया। 49वें संविधान संशोधन में इंदिरा गांधी ने खुद प्रधानमंत्री रहते हुए प्रधानमंत्री को न्यायिक जांच से बाहर कर दिया, क्योंकि उनके चुनाव को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद कर दिया था।

वहीं, भाजपा ने भी संविधान संशोधन किए। 101वें संशोधन में जीएसटी लाकर देश की क्रय कर प्रणाली को समायोजित किया। 102वें संशोधन में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग बनाकर पिछड़ा वर्ग को संवैधानिक सम्मान दिया। 103वें संशोधन में जिन गरीबों को किसी भी प्रकार का आरक्षण का लाभ नहीं था, उनके लिए दस प्रतिशत आरक्षण तय किया गया।

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।