'हम अच्छे दोस्त हैं...', तमिलनाडु के साथ बांध विवाद के बीच स्टालिन को लेकर बोले शिवकुमार
डीएमके ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय पर मेकेदातु मुद्दे को फिल्मी अंदाज में संभालने का आरोप लगाया है, चेतावनी दी ...और पढ़ें
-1794908848726_m.webp)
डीएमके ने सीएम विजय पर मेकेदातु मुद्दे को फिल्मी बताया। (फाइल फोटो)
HighLights
डीएमके ने सीएम विजय पर मेकेदातु मुद्दे को फिल्मी बताया।
विपक्ष ने दिल्ली में मेकेदातु विवाद न उठाने पर विजय को घेरा।
कर्नाटक सीएम शिवकुमार ने बांध बनाने का संकल्प दोहराया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मंगलवार को विपक्षी पार्टी डीएमके ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय मेकेदातु मुद्दे को फिल्मी अंदाज में हैंडल कर रहे हैं।
अभिनेता से मुख्यमंत्री बने विजय को DMK ने साफ चेतावनी दी कि फिल्मों में वे सोलो परफॉर्मेंस दे सकते हैं, लेकिन राज्य की जीवनरेखा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर उन्हें सबको साथ लेकर चलना होगा।
DMK के मुखपत्र में कर्नाटक कांग्रेस को घेरा
DMK के तमिल मुख पत्र 'मुरासोली' में कर्नाटक कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा गया है. मुखपत्र में पूछा गया कि क्या उन्हें इस मामले (बांध विवाद) पर राजनीति करनी चाहिए जबकि उनके पास ध्यान देने के लिए कई अन्य मुद्दे मौजूद हैं। DMK के अखबार ने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार इस तरह बात कर रहे हैं, मानो मेकेदातु बांध बनाना ही उनके जीवन का एकमात्र लक्ष्य हो।
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने मेकेदातु बांध प्रस्ताव के खिलाफ तमिलनाडु को एकजुट रुख रखने के लिए सर्वदलीय बैठक की मांग की है। साथ ही उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के उस बयान का विरोध किया है, जिसमें उन्होंने जलाशय बनाने के अपने संकल्प को दोहराया था।
मेकेदातु का मुद्दा कोई फिल्म नहीं है। यह एक ऐसा मामला है जो करोड़ों तमिल लोगों के जीवन से जुड़ा हुआ है। ऐसे गंभीर मुद्दे पर उन्होंने फिल्मों जैसे डायलॉग बोले और छह महीने बर्बाद कर दिए।
उन्हें मेकेदातु के मुद्दे को गंभीरता से लेना चाहिए और उस पर काम करना चाहिए। फिल्मों में वे भले ही अकेले अभिनय करें, लेकिन एक मुख्यमंत्री के तौर पर उन्हें राज्य के अहम मुद्दों पर सबको साथ लेकर चलना चाहिए।
CM विजय ने कावेरी पर क्या कहा?
7 अगस्त को सीएम विजय ने कहा था कि कावेरी मुद्दे पर पड़ोसी राज्य कर्नाटक के साथ बातचीत करने का प्रस्ताव उन्होंने ही दिया था, क्योंकि उन्हें एक सकारात्मक नतीजे की उम्मीद थी। विजय ने यह भी कहा कि तमिलनाडु के लोगों की खातिर कावेरी मुद्दे पर बातचीत करने की कोशिश में वे अपमान सहने के लिए भी तैयार थे।
उन्होंने कहा, 'मैंने सोचा कि क्यों न पड़ोसी राज्य के साथ बातचीत की जाए, क्योंकि दुश्मन देश भी मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत करते हैं।' उन्होंने यह भी जोड़ा कि कावेरी मुद्दे पर या मेकेदातु बांध के खिलाफ लड़ाई में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सोनिया के बुक लॉन्च में मिले दोनों मुख्यमंत्री
सोमवार को दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के लॉन्च के दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों की मुलाकात हुई। शिवकुमार ने कहा, 'बेशक, हम दोस्त हैं। उनकी अपनी राजनीतिक समस्याएं हैं। मैं AIADMK, DMK और अन्य पार्टियों से पूछना चाहता हूं कि क्या उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का आदेश देखा है?
सुप्रीम कोर्ट के आदेश में साफ कहा गया है कि हम उन्हें (तमिलनाडु को) पानी देने के लिए बाध्य हैं, और हम ऐसा करेंगे। वे कोर्ट में एक रिवीजन याचिका भी लेकर गए थे। लेकिन क्या हुआ? अब उनके पास और क्या मौका बचा है?' इस बैठक को लेकर तमिलनाडु के विपक्षी दलों ने आलोचना की है।
डीएमके का CM विजय पर हमला
डीएमके के प्रवक्ता टी.के.एस. इलांगोवन ने कहा, 'उन्हें यह भी नहीं पता कि मेकेदातु का कोई मुद्दा है। उन्हें शायद यह भी नहीं पता कि तमिलनाडु में कावेरी नाम की कोई नदी है। सवाल यह है कि वह कर्नाटक गए ही क्यों थे? बस एक मंदिर गए और वापस आ गए। हम सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग कर रहे हैं। यह तमिलनाडु की जनता से जुड़ा मुद्दा है।'
एआईएडीएमके ने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ हुई बैठक में मेकेदातु का मुद्दा न उठाकर उन्होंने तमिलनाडु की जनता की पीठ में छुरा घोंपा है। एआईएडीएमके के प्रवक्ता कोवई सत्यन ने कहा, 'अगर उन्होंने इस बारे में बात नहीं की, तो यह तमिलनाडु और उन लोगों के साथ धोखा है जिन्होंने उन्हें सत्ता में पहुंचाया।
उन्होंने सचमुच हर तमिल व्यक्ति की पीठ में छुरा घोंपा है और तमिलनाडु के अधिकार कर्नाटक को सौंप दिए हैं वही कर्नाटक, जिसकी दया पर वह अपनी सरकार चला रहे हैं। इससे साफ पता चलता है कि मुख्यमंत्री विजय रीढ़हीन हैं।
बीजेपी ने थलापति पर साधा निशाना
बीजेपी की तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा, 'मुख्यमंत्री को दिल्ली जाने से पहले इस कदम के खिलाफ तमिलनाडु का विरोध दर्ज कराना चाहिए था। कांग्रेस के एक मुख्यमंत्री खुलेआम तमिलनाडु के अधिकारों को नकार रहे हैं। कांग्रेस नेता के पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की मौजूदगी क्या संदेश देती है?'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।