सरकार ने देश में फंसे विदेशियों को दी बड़ी राहत, वीजा, ई-वीजा की मियाद 30 अप्रैल तक बढ़ी
केंद्र सरकार ने लॉकडाउन के चलते देश में फंसे विदेशी नागरिकों के नियमित वीजा और ई-वीजा को 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। केंद्र सरकार ने लॉकडाउन के चलते देश में फंसे विदेशियों को बड़ी राहत दी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बताया कि सरकार ने सोमवार को विदेशी नागरिकों के नियमित वीजा और ई-वीजा को 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया है। मालूम हो कि सरकार ने कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए बीते 24 मार्च को 21 दिन के देशव्यापी लॉकडाउन लगाया था। इसके चलते विदेशी नागरिक जहां तहां फंस गए थे। इस घोषणा से उन विदेशी नागरिकों को राहत मिली है जिनके वीजा की अवधि इस महीने एक्सपायर हो चुकी थी। इस राहत से विदेशी नागरिकों को अब सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
मंत्रालय ने बताया कि ऐसे सभी विदेशी जिनके रेगुलर वीजा, ई-वीजा या स्टे स्टिपुलेशन पहली फरवरी से 30 अप्रैल के बीच समाप्त हो रहे हैं, उन सबके लिए यह अवधि 30 अप्रैल तक बिना किसी शुल्क के बढ़ाई जाएगी। इसके लिए उन्हें ऑनलाइन आवेदन करना होगा। पहले वीजा की अवधि 15 अप्रैल तक के लिए बढ़ाई गई थी। लॉकडाउन बढ़ने की संभावना को देखते हुए अब वीजा को 30 अप्रैल तक बढ़ाने का फैसला हुआ है। इससे यह संकेत भी मिल रहा है कि 25 मार्च से रद चल रहीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी 30 अप्रैल से पहले नहीं शुरू हो पाएंगी। देश में लागू यात्रा प्रतिबंधों के कारण हजारों विदेशी नागरिक यहां फंसे हैं और अपने वीजा की वैधता समाप्त होने से पहले स्वदेश लौटने में अक्षम हैं। ऐसे लोगों को जरूरी दूतावास सेवाएं भी मुहैया कराई जा रही हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की मानें तो पिछले चौबीस घंटे में 796 नए केस मिलने की जानकारी दी है, जिनको मिलाकर संक्रमितों की संख्या 9,352 हो गई है, जबकि 324 लोगों की अब तक जान गई है और 980 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। वहीं राज्यों से मिली सूचनाओं के मुताबिक, सोमवार को महाराष्ट्र में 12, मध्य प्रदेश में पांच, दिल्ली में चार, गुजरात और उत्तर प्रदेश में दो-दो और कर्नाटक में एक व्यक्ति की मौत हो गई और इसके साथ ही मरने वालों की संख्या 349 पर पहुंच गई है। अभी तक 1,062 लोग पूरी तरह से स्वस्थ भी हुए हैं। राजधानी दिल्ली में संक्रमितों की संख्या में अचानक से उछाल आया है और एक दिन में 356 नए मामले सामने आए हैं, जिसमें 325 तब्लीगी हैं। यहां कुल संक्रमितों की संख्या 1,510 हो गई है, जिनमें 1,071 जमाती हैं।