यूएई से भारत लाया गया शराब घोटाले का 'मनीमैन' विकास अग्रवाल, आज कोर्ट में पेशी
सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के समन्वय से उसका प्रत्यर्पण कराया। मूलत: बिलासपुर निवासी विकास अग्रवाल को शराब सिंडिकेट का मनीमैन बताया गया है।

यूएई से भारत लाया गया शराब घोटाले का 'मनीमैन' विकास अग्रवाल (फोटो- एक्स)
HighLights
छत्तीसगढ़ में वर्ष 2019-22 के बीच हुए 3,200 करोड़ के शराब घोटाले में था आरोपित
सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के समन्वय से कराया प्रत्यर्पण
जेएनएन, रायपुर। छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2019 से 2022 में हुए 3,200 करोड़ के शराब घोटाले में फरार चल रहे वित्तीय समन्वयक विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से शुक्रवार को भारत लाया गया है।
सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के समन्वय से उसका प्रत्यर्पण कराया। मूलत: बिलासपुर निवासी विकास अग्रवाल को शराब सिंडिकेट का मनीमैन बताया गया है।
उस पर डिस्टिलरी से अधिकारियों और अन्य लाभार्थियों तक कमीशन की रकम पहुंचाने तथा अपराध की कमाई को विभिन्न कंपनियों के माध्यम से छिपाने में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। उसे मुंबई एयरपोर्ट लाया गया है।
शनिवार को उसे रायपुर की विशेष कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी है। राज्य पुलिस के अनुरोध पर सीबीआइ के माध्यम से इंटरपोल ने विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था।
इसके बाद उसकी लोकेशन यूएई में मिली और वहां की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूएई ने उसे भारत प्रत्यर्पित किया। राज्य पुलिस की एस्कार्ट टीम यूएई पहुंची थी।
दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उसे भारतीय टीम को सौंपा गया, जिसके बाद शुक्रवार शाम विकास को मुंबई एयरपोर्ट लाया गया। उसे शनिवार सुबह रायपुर की विशेष कोर्ट में पेश कर विस्तृत पूछताछ करने रिमांड पर लेने जांच एजेंसी आवेदन पेश करेगी।