विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

280 की रफ्तार, 8 कोच और 557 यात्री: भारत की पहली बुलेट ट्रेन में क्या-क्या है खूबी?

Published: Sun, 01 Nov 2026 11:04 PM (IST)Updated: Sun, 01 Nov 2026 11:36 PM (IST)

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई, जो दोनों महानगरों के बीच रात भर की यात्रा को बेहतर बनाएगी।

स्वदेशी बुलेट ट्रेन का निर्माण कार्य जारी

स्वदेशी बुलेट ट्रेन का निर्माण कार्य जारी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बेंगलुरु और मुंबई को जोड़ने वाली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की पहली सेवा को हरी झंडी दिखाई। इसी के साथ, रेल मंत्री ने संकेत दिया कि प्रस्तावित बेंगलुरु-पुणे बुलेट ट्रेन कॉरिडोर अगली उच्च गति रेल परियोजनाओं में शामिल हो सकता है। अन्य बुलेट परियोजनाएं भी शुरू की जानी हैं।

वहीं मुंबई-अहमदाबाद के बीच चलने वाली भारत की पहली बुलेट ट्रेन का निर्माण कार्य बेंगलुरु में तेजी से जारी है।

वंदे भारत एक्सप्रेस को झंडी दिखाने के बाद  उन्होंने कहा,"भविष्य में बुलेट ट्रेन से बेंगलुरु से चेन्नई पहुंचने में सिर्फ 73 मिनट लगेंगे—एक घंटा 13 मिनट। ये दोनों शहर एक शहर जैसे हो जाएंगे।"

रेल मंत्री वैष्णव ने रविवार को यह भी घोषणा की कि कर्नाटक के लिए अगली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन बेंगलुरु से चलेगी। यह उत्तर कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों को हुब्बली की ओर जोड़ने के बाद पुणे और मुंबई जाएगी।

उन्होंने बताया कि बेंगलुरु-मंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस अगले कुछ हफ्तों में शुरू की जाएगी। इस मार्ग पर विद्युतीकरण और परीक्षण का काम पूरा हो चुका है।

आठ मोटर कार और चार ट्रेलर कार कोच समेत 16 कोच वाली बेंगलुरु और मुंबई के बीच वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की पहली सेवा को हरी झंडी दिखाने के बाद ट्रेन की उद्घाटन विशेष सेवा बेंगलुरु के सर एम विश्वेश्वरैया टर्मिनल (एसएमवीटी) से रवाना हुई। यह सोमवार सुबह 6.15 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) पहुंचेगी। इससे दोनों महानगरों के बीच रात में रेल संपर्क बेहतर होगा।

चार हजार किमी के बुलेट ट्रेन गलियारों को मंजूरी

वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने चार हजार किलोमीटर के बुलेट ट्रेन गलियारों को मंजूरी दी है। आने वाले वर्षों में 3,000 किलोमीटर के और बुलेट ट्रेन गलियारों की घोषणा होगी। बेंगलुरु-पुणे जैसे कई और गलियारे होंगे, जो पूरे कर्नाटक को जोड़ेंगे—बेंगलुरु से हुब्बली होते हुए पुणे तक। वह गलियारा भी शामिल होगा।"

प्रस्तावित दक्षिणी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को मंजूरी मिल चुकी है। यह बेंगलुरु, हैदराबाद, अमरावती व चेन्नई को जोड़ेगा और दक्षिण के प्रमुख आर्थिक व प्रौद्योगिकी केंद्रों को करीब लाएगा।

बुलेट ट्रेन का निर्माण तेजी से जारी

बता दें कि मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के लिए भारत की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन का निर्माण तेजी से चल रहा है। बंगलूरू स्थित बीईएमएल (BEML) प्लांट में तैयार की जा रही इस ट्रेन को भारतीय मौसम और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर विशेष रूप से डिजाइन किया गया है।

तैयार हो रही इस बुलेट ट्रेन की अधिकतम टेस्ट स्पीड 280 किलोमीटर प्रति घंटा और परिचालन गति (ऑपरेटिंग स्पीड) 249 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। लगभग 202 मीटर लंबी इस ट्रेन में कुल आठ कोच होंगे, जिनमें चार मोटर कार और चार ट्रेलर कार शामिल हैं।

यात्रियों की क्षमता और सुविधाओं की बात करें तो ट्रेन में एक बार में 557 यात्री सफर कर सकेंगे। ट्रेन का ढांचा इस प्रकार तय किया गया है:

स्टैंडर्ड क्लास: 7 कोच

एग्जीक्यूटिव क्लास: 1 कोच

दिव्यांग सुविधा: दिव्यांग यात्रियों के सुगम सफर के लिए 2 विशेष सीटें आरक्षित रखी गई हैं।

रेल मंत्री ने रविवार को बंगलूरू स्थित बीईएमएल (BEML) की निर्माण इकाई का दौरा कर वहां तैयार हो रही स्वदेशी बुलेट ट्रेन 'B-28' की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रेन की निर्माण प्रक्रिया, तकनीकी व्यवस्थाओं और गुणवत्ता जांच मानकों की विस्तृत समीक्षा की।

बेंगलुरु-मंगलुरु वंदे भारत कुछ हफ्तों में

रेल मंत्री ने कहा,"दक्षिणी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर दक्षिण भारत के राज्यों के लिए यह बड़ा गुणक साबित होगा।" प्रस्तावित यात्रा समय का संकेत देते हुए वैष्णव ने कहा कि बेंगलुरु से चेन्नई की यात्रा में सिर्फ 73 मिनट, जबकि बेंगलुरु से हैदराबाद पहुंचने में दो घंटे 10 मिनट लगेंगे। बेंगलुरु-मंगलुरु वंदे भारत सेवा के बारे में मंत्री ने कहा कि जरूरी विद्युतीकरण और परीक्षण का काम पूरा हो चुका है और ट्रेन अगले कुछ हफ्तों में शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा,"अगले कुछ हफ्तों में मंगलुरु से बेंगलुरु वंदे भारत ट्रेन शुरू होगी।"

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।