यूरेनियम भंडार सौंपने पर राजी हो सकता है ईरान, सात दिन में खुलेगा होर्मुज
पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक प्रयास तेज हो गए हैं। एक ...और पढ़ें

होर्मुज स्ट्रेट खुलने की संभावना (फोटो- रॉयटर्स)
HighLights
ईरान यूरेनियम भंडार सौंपने या संवर्धन घटाने पर सहमत हो सकता है।
अमेरिका बदले में प्रतिबंधों और आर्थिक पाबंदियों में राहत देगा।
होर्मुज स्ट्रेट सात दिनों के भीतर अंतरराष्ट्रीय जहाजों के लिए खुलेगा।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने की कूटनीतिक कोशिशें तेज हो रही हैं। इस बीच एक प्रस्तावित समझौते के मसौदे में ईरान के अत्यधिक संवर्धित यूरेनियम का भंडार किसी तीसरे देश को सौंपने या उसका संवर्धन स्तर घटाने की बात सामने आई है।
इसके बदले अमेरिका प्रतिबंधों और आर्थिक पाबंदियों में राहत दे सकता है। प्रस्ताव में शुरुआती सहमति बनने के सात दिनों के भीतर होर्मुज स्ट्रेट को अंतरराष्ट्रीय जहाजों के लिए खोलने का भी प्रविधान है।
एएनआई ने अल अरबिया के हवाले से बताया कि मसौदे में चीन को समझौते के क्रियान्वयन और निगरानी का गारंटर बनाने का प्रस्ताव है। साथ ही, अमेरिका और ईरान के बीच सीधी बातचीत इस्तांबुल के बजाय कतर की राजधानी दोहा में कराने की बात कही गई है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत ईरान के परमाणु कार्यक्रम और समुद्री सुरक्षा से जुड़े कदमों के बदले अमेरिका प्रतिबंधों, नाकेबंदी और आर्थिक पाबंदियों में ढील देगा। समझौते के हर चरण को लागू करने से पहले स्वतंत्र सत्यापन तंत्र यह जांच करेगा कि दोनों पक्षों ने अपनी शर्तें पूरी की हैं या नहीं। किसी विवाद या उल्लंघन की स्थिति में मध्यस्थ और गारंटर देश समाधान निकालने में मदद करेंगे।
युद्धविराम बहाल करने की कोशिशों के तहत कतर का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को तेहरान पहुंचा। ट्रंप बोले, अमेरिका को जल्दबाजी नहींअमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वाशिंगटन को ईरान के साथ युद्ध खत्म करने की कोई जल्दबाजी नहीं है।
ओवल आफिस में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि ईरान बातचीत करना चाहता है, लेकिन घरेलू स्तर पर गंभीर मुश्किलों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि बातचीत जारी है और समय अमेरिका के पक्ष में है।
मोजतबा की चेतावनी, भौगोलिक सीमा के परे देंगे जवाब
रॉयटर के अनुसार, ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने सशस्त्र बलों के वरिष्ठ कमांडरों को किसी भी हमले का तत्काल और प्रभावी जवाब देने का निर्देश दिया है। उनके आधिकारिक एक्स और टेलीग्राम अकाउंट पर जारी संदेशों में कहा गया कि हर तरह के खतरे का जवाब भौगोलिक सीमा से परे जाकर दिया जाना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा सैन्य या आतंकवादी हमले होने पर जवाबी कार्रवाई कब और किन शर्तों पर समाप्त होगी, यह ईरान की सेना और जनता तय करेगी। उन्होंने सैन्य तैयारियां और रक्षा तकनीक मजबूत करने पर भी जोर दिया।
अमेरिकी हमले में दो मछुआरे लापता होने का दावा
ईरानी मीडिया आइआरआइबी ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने होर्मुजगान प्रांत में केश्म द्वीप के पास मछली पकड़ने वाली दो नौकाओं पर हमला किया। इस घटना में दो मछुआरे लापता बताए गए हैं, जबकि एक अन्य घायल हुआ है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।