तमिलनाडु में विजय बनाम विजय: एक्टर सेतुपति की टिप्पणी पर मचा बवाल, बिग बॉस तमिल ने दी सफाई
एक्टर विजय सेतुपति की बिग बॉस तमिल में लीडरशिप पर की गई टिप्पणी ने तमिलनाडु की राजनीति में हलचल मचा ...और पढ़ें

एक्टर विजय सेतुपति और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय। (फाइल फोटो।)
HighLights
विजय सेतुपति की लीडरशिप पर टिप्पणी ने विवाद खड़ा किया।
टिप्पणी को मुख्यमंत्री जोसेफ सी. विजय से जोड़ा गया।
बिग बॉस तमिल ने दर्शकों के लिए स्पष्टीकरण जारी किया।
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। साउथ के मशहूर एक्टर विजय सेतुपति की एक टिप्पणी ने दक्षिण भारत की राजनीति में हलचल मचा दी है। बिग बॉस तमिल की होस्टिंग के दौरान उन्होंने लीडरशिप को लेकर बातें कहीं, जिसे कुछ दर्शक तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ सी. विजय से जोड़कर देख रहे हैं।
जब उन्होंने लीडरशिप और उसके महत्व के बारे में बात की तो सेतुपति कंटेस्टेंट शथिगा से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा, "बिना सोचे-समझे वादे करना, मुश्किलें आने पर भाग जाना और विपक्ष पर दोष मढ़ना सच्ची लीडरशिप नहीं है।" हालांकि इस दौरान उन्होंने सीएम विजय या किसी नेता का नाम नहीं लिया था।
सीएम विजय के फैंन्स ने की आलोचना
जल्द ही उनकी बातों को मुख्यमंत्री से जोड़कर देखा जाने लगा, जिससे विवाद खड़ा हो गया। टीवीके प्रमुख विजय के प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर सेतुपति की आलोचना की कि उन्होंने टेलीविजन के मंच को राजनीतिक टिप्पणी का जरिया बना लिया।
जारी हुआ स्पष्टीकरण
बिग बॉस तमिल ने अब एक स्पष्टीकरण जारी किया है, जिसमें दर्शकों से आग्रह किया गया है कि वे इन टिप्पणियों को बिग बॉस शो के संदर्भ से हटकर न समझें।
बयान में कहा गया, "बिग बॉस तमिल सीजन 10 एक एंटरटेनमेंट प्रोग्राम है, जिसे इसके तय फॉर्मैट, थीम और गेम के माहौल के तहत पेश किया जाता है। प्रोग्राम में दिखाई गई स्थितियां, बातचीत, हाव-भाव और लोगों के बीच का व्यवहार इसकी कहानी का हिस्सा हैं और इन्हें उसी संदर्भ में समझा जाना चाहिए जिसमें ये शो के दौरान होते हैं।"
बिग बॉस तमिल ने अपने दर्शकों से कहा कि वे किसी भी बात या अभिव्यक्ति को किसी व्यक्ति के बारे में कोई राय, समर्थन या टिप्पणी न समझें।
बयान में कहा गया, "कार्यक्रम में किसी भी बात या अभिव्यक्ति का अर्थ यह नहीं निकाला जाना चाहिए कि वह कार्यक्रम के संदर्भ से बाहर किसी व्यक्ति, संगठन, संस्था, विचारधारा या परिस्थिति का प्रतिनिधित्व, समर्थन या उस पर टिप्पणी कर रही है। कार्यक्रम और उसके मनोरंजन के मकसद से हटकर कोई भी व्याख्या या जुड़ाव न तो इरादतन है और न ही उसका समर्थन किया जाता है।"
डीएमके ने क्या कहा?
इस बीच डीएमके के एक नेता ने विजय के समर्थकों पर निशाना साधते हुए उन्हें असभ्य कहा है। टीकेएस एलंगोवन ने कहा, "वे ऐसा ही करते हैं। देखिए वे सभी बेरहम हैं। वे बर्बर हैं। जो कोई भी विजय का समर्थन करता है, वह बर्बर है। उन्हें कानून-व्यवस्था की कोई परवाह नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा, "खुद मुख्यमंत्री को कानून-व्यवस्था की परवाह नहीं है। उनकी सोच यह है कि हमें क्यों परवाह करनी चाहिए? वे कुछ भी करेंगे और पुलिस उनका साथ देगी। पुलिस उन लोगों को मार डालेगी जिन्होंने ड्रग्स बेचने वालों की पहचान की है, लेकिन वे ड्रग्स बेचने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करेंगे। यह विजय की पुलिस है। यह सब विजय की वजह से हो रहा है। मुझे लगता है कि विजय को इससे कुछ फायदा हो रहा है।"
