नाइक बोले, यूपी में कानून-व्यवस्था की समस्या
उत्तर प्रदेश में राज्यपाल के रूप में अपनी भूमिका को केंद्र और राज्य के बीच सेतु के रूप में काम करने की बताते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता राम नाइक ने कहा कि वह संविधान के अनुरूप काम करेंगे। राज्य में खराब कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि कई और राज्यों में कानून व्यवस्था क
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। उत्तर प्रदेश में राज्यपाल के रूप में अपनी भूमिका को केंद्र और राज्य के बीच सेतु के रूप में काम करने की बताते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता राम नाइक ने कहा कि वह संविधान के अनुरूप काम करेंगे। राज्य में खराब कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि कई और राज्यों में कानून व्यवस्था की समस्या है। उत्तर प्रदेश में दूसरी समस्याएं भी हैं। एक बार वहां पहुंचने के बाद मैं इस विषय पर जानकारी प्राप्त करूंगा।
गौरतलब है कि नाइक 22 जुलाई को लखनऊ में राज्यपाल पद की शपथ लेंगे। पद संभालने से पहले उनके इस बयान को काफी अहम माना जा रहा है। अपनी नई जिम्मेदारी को सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन में मोड़ करार देते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के रूप में काम करना चुनौतीपूर्ण होगा। केंद्र की 'नमामि गंगा' जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की निगरानी रखने की कोशिश करना उनका प्रयास होगा। सीधी साधी छवि के नाइक ने मीडिया के सवालों के चुटीले जवाब देकर यह बता दिया कि राजनीतिक रूप से सबसे जागरूक प्रदेशों में से एक यूपी में वह पूरी तैयारी से जा रहे हैं। यह पूछने पर कि क्या वह उत्तर प्रदेश की वर्तमान सरकार को गिराने का प्रयास करेंगे तो नाइक ने कहा, यह मेरी प्रवृत्ति नहीं है। हालांकि, उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जब मैं राष्ट्रपति जी से मिलकर निकला तो उन्होंने मुझे संविधान की एक प्रति दी और कहा कि आपको इसकी जरूरत पड़ने वाली है। नाइक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 27 विश्वविद्यालय हैं और कुलपति के रूप में वे शिक्षा के स्तर में सुधार का प्रयास करेंगे। एक सवाल कि महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों के साथ जो व्यवहार होता है उसको देखते हुए जब आप उत्तर प्रदेश के राज्यपाल बनने जा रहे आप क्या कहना चाहेंगे। इस पर उनका कहना था कि उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच पुराने संबंध हैं। नाइक ने शिवाजी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने एक राजा के रूप में गौरव तब पाया जब बनारस से आए ब्राह्मण ने उन्हें अभिषिक्त किया। राम नाइक ने कहा कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे।