विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 06, 2012 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कांशीराम की पुण्य तिथि पर सार्वजनिक अवकाश रद

By Edited By:
Published: Sat, 06 Oct 2012 09:38 PM (IST)Updated: Sat, 06 Oct 2012 09:41 PM (IST)

लखनऊ [जागरण ब्यूरो]। राज्य सरकार ने बसपा के संस्थापक कांशीराम की पुण्य तिथि पर नौ अक्टूबर को घोषित सार्वजनिक अवकाश ...और पढ़ें

News Article Hero Image

लखनऊ [जागरण ब्यूरो]। राज्य सरकार ने बसपा के संस्थापक कांशीराम की पुण्य तिथि पर नौ अक्टूबर को घोषित सार्वजनिक अवकाश रद कर दिया है। इस बारे में शासन ने जिलाधिकारियों को परिपत्र जारी कर दिया है। राज्य सरकार ने यह फैसला तब किया है जब बसपा अपने संस्थापक की पुण्य तिथि के मौके पर राजधानी में रैली के आयोजन की तैयारियों में जोर-शोर से जुटी है।

बसपा संस्थापक की पुण्य तिथि पर सार्वजनिक अवकाश जारी रखने या न रखने की कश्मकश से गुजर रही सपा सरकार ने जहां फैसला लेकर खुद को अंतद्र्वद्व से उबार लिया है, वहीं उसने रैली की तैयारियों में जुटी बसपा को अपने खिलाफ एक और मुद्दा थमा दिया है। कांशीराम की यह छठवीं पुण्यतिथि है। नौ अक्टूबर 2006 को उनके देहावसान के बाद मई 2007 में सत्तारूढ़ होने पर बसपा सुप्रीमो और तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती ने कांशीराम की पुण्यतिथि को 'निर्वाण दिवस' का दर्जा देते हुए इस तिथि पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। नेगोशिएबल इन्स्ट्रुमेंट्स एक्ट 1881 के तहत घोषित इस सार्वजनिक अवकाश पर सरकारी दफ्तरों के अलावा कोषागार और बैंक भी बंद रहते थे। सार्वजनिक अवकाशों की घोषणा पूर्ववर्ती वर्ष में ही कर दी जाती है, इसलिए जब अखिलेश सरकार विगत मार्च में सत्ता में आयी तो इस संबंध में अधिसूचना व सार्वजनिक अवकाशों का कैलेंडर जारी हो चुके थे।

अखिलेश सरकार इसको लेकर पसोपेश में थी कि यदि वह इस सार्वजनिक अवकाश को जारी रखती है तो संदेश यह जाएगा कि वह मायावती सरकार द्वारा बसपा संस्थापक के सम्मान व स्मृति में शुरू की गई परंपरा को जारी रखना चाहती है। यदि वह सार्वजनिक अवकाश को रद करती है तो उस पर दलित विरोधी होने की तोहमत लगेगी। बहरहाल, अखिलेश सरकार ने सार्वजनिक अवकाश को रद कर अपना दांव चल दिया है। देखना यह है कि रिटेल में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश [एफडीआइ] समेत अन्य मुद्दों पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संदेश देने के मकसद से नौ तारीख को आयोजित की जा रही रैली में बसपा सुप्रीमो राज्य सरकार के इस फैसले पर क्या रवैया अख्तियार करती हैं। मायावती सरकार के कार्यकाल में कांशीराम की पुण्य तिथि पर विविध आयोजन होते थे। पिछले साल इस मौके पर मायावती ने 6000 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया था।

अवकाश निरस्त होने पर बिफरी बसपा

लखनऊ [जाब्यू]। विधानसभा में नेता विरोधी दल और बसपा के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य ने नौ अक्टूबर को कांशीराम की पुण्यतिथि पर घोषित सार्वजनिक अवकाश को निरस्त करने की निंदा की है। मौर्य ने कहा है कि बसपा इस ओछी हरकत के लिए सपा सरकार को कड़ा जवाब देगी। शनिवार को बसपा संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर घोषित अवकाश को सपा सरकार द्वारा निरस्त किये जाने का फैसला सार्वजनिक होने के बाद बुलाई गयी पत्रकार वार्ता में मौर्य ने सपा सरकार पर खूब हमले किये। उन्होंने कहा सपा के इस कृत्य से उसकी दलित विरोधी मानसिकता उजागर हो गयी है। उन्होंने चेतावनी दी कि सपा अपनी ओछी और बेजा हरकत से बाज आये, वरना उसे इसका खामियाजा उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अगर सपा सरकार महापुरुषों को सम्मान नहीं दे सकती तो बसपा शासन में महापुरुषों के सम्मान के प्रतीक जो फैसले लिए, उसे निरस्त न करे। उसे महापुरुषों के सम्मान से खिलवाड़ करने का कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि नौ अक्टूबर को होने वाली संकल्प रैली में सपा को यह अहसास हो जायेगा कि बसपा के साथ आम लोगों की कितनी बड़ी ताकत है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।