विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

120 सीटों की मांग, 26 का ऑफर और 5 नामों का एलान: सपा के दांव से बिफरी कांग्रेस, इमरान मसूद बोले- भीख नहीं मांग रहे

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:42 PM (IST)

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा द्वारा कांग्रेस को 26 सीटों की पेशकश और 5 उम्मीदवारों की घोषणा से सीट बंटवारे पर पेंच फंस गया है।

यूपी चुनाव सीट बंटवारे पर सपा कांग्रेस में तकरार (फाइल फोटो)

यूपी चुनाव सीट बंटवारे पर सपा कांग्रेस में तकरार (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों की पेशकश करने के बाद मंगलवार रात पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर देने से दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर पेंच फंस गया है।

सीट बंटवारे पर बातचीत को सकारात्मक बताने के दावों के विपरीत सपा के इस कदम ने दोनों दलों के रिश्तों में गांठ डाल दी है। कांग्रेस ने जहां पहले ही 26 सीटों की पेशकश को खारिज कर दिया था, वहीं बुधवार को वार्ता के दौरान ही पांच सपा उम्मीदवारों के एलान पर खुली नाराजगी जताने से परहेज नहीं किया।

पार्टी ने साफ कहा कि सीटों पर तालमेल का समझौता पूरा होने तक सपा को संयम दिखाना चाहिए था।

कांग्रेस की ओर से साफ संकेत हैं कि उसके लिए 120 से कम सीटों पर समझौता करने की गुंजाइश नहीं है। पार्टी सूत्रों ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि पार्टी ने सपा को 120 सीटों की सूची सौंपी है। इसमें सहारनपुर की दो सीटें भी शामिल हैं जिन पर सपा ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इसके अलावा पार्टी ने रायबरेली एवं अमेठी की कुछ सीटों की भी मांग रखी है जिन पर पिछले चुनाव में सपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल की थी।

जागरण ब्यूरो के अनुसार, सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर शुरू हुई रस्साकसी का संकेत तो मंगलवार देर शाम को ही मिल गया था। इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट में इसे थामने की कोशिश करते हुए जीतने वाली 26 सीटों से बातचीत की शुरुआत करने की सफाई दी। इसके बावजूद मंगलवार को दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच तालमेल में चले जा रहे दांव-पेंच को लेकर एक दूसरे पर तीर दागे गए।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने तो बुधवार सुबह से ही सपा पर हमले शुरू कर दिए क्योंकि उनके इलाके सहारनपुर की दो सीटों पर सपा ने अपने उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। इमरान मसूद ने सपा की पेशकश पर कहा, "हम भीख नहीं मांग रहे हैं।"

सपा की प्रत्याशियों की घोषणा को अनुचित बताते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ बातचीत कर रहे हों और दूसरी तरफ घोषणाएं कर रहे हों, तो इससे पता चलता है कि आप गंभीर नहीं हैं। मसूद ने कहा कि बेशक हम अपनी पार्टी के भीतर चर्चा करेंगे कि आगे हमें बातचीत के लिए बैठना चाहिए या नहीं।

मसूद ने तो भाजपा के विरुद्ध लड़ने के सपा के इरादों पर भी सवाल उठाते हुए कहा, 'मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप कांग्रेस से लड़ना चाहते हैं या भाजपा से।'

तालमेल की शुरुआती बातचीत में ही सपा के रुख से कांग्रेस नेतृत्व के भी असहज होने के संकेत हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की बुधवार की प्रतिक्रया में इसकी झलक दिखाई पड़ी। सपा के पांच उम्मीदवारों की घोषणा के बारे में सवाल पर गौतम ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जब सीट बंटवारे पर बातचीत चल रही थी, तब ऐसा नहीं किया जाना चाहिए था। उन्हें इंतजार करना चाहिए था।

हालांकि सपा-कांग्रेस के बीच गठबंधन की प्रतिबद्धता जताते हुए गौतम ने उम्मीद जताई कि सब कुछ सही दिशा में आगे बढ़ेगा। 26 सीटों की सपा की पेशकश ठुकराने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि हम ऐसे बयानों से सहमत नहीं हैं और हम सभी 403 सीटों पर चर्चा कर रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।