सपा और कांग्रेस में सीट बंटवारा: अखिलेश के '26 वाले फॉर्मूले' पर राहुल हुए नरम, 120 सीटों पर सिमटी दावेदारी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर दूसरे दौर की बातचीत हुई। कांग्रेस ने अपनी शुरुआती 131 सीटों की मांग को घटाकर 120 कर दिया।

सपा-कांग्रेस सीट बंटवारे में कांग्रेस ने घटाई सीटों की मांग (फाइल फोटो)
HighLights
कांग्रेस ने 131 से घटाकर 120 सीटों की मांग की।
सपा ने पहले कांग्रेस को 26 सीटों की पेशकश की थी।
दोनों दल अब सीटवार चर्चा पर सहमत हुए, बातचीत सकारात्मक।
संजय मिश्र, नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में गठबंधन की हामी भर चुके सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे के लिए बिछी बिसात के दूसरे दिन दांव-पेंच की सियासत ने जोर पकड़ लिया। तालमेल के लिए कांग्रेस की 131 सीटों की दावेदारी के जवाब में सपा ने केवल 26 सीटों की पेशकश कर अपने सहयोगी दल को हैरान-परेशान कर दिया।
सीट बंटवारे की बातचीत को वास्तविकता की पटरी पर लाने के सपा के इस दांव का असर यह हुआ कि मंगलवार को दूसरे दौर की वार्ता में कांग्रेस ने अपने दावों को घटाते हुए 120 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव रखा। सियासी शह-मात के इस दांव का नतीजा यह भी रहा कि सपा और कांग्रेस सभी 403 सीटों पर सीटवार चर्चा कर सीट बंटवारे के लिए राजी हो गए। पहले दिन हुई 20 मिनट की बैठक के विपरीत दूसरे दिन साढ़े तीन घंटे की वार्ता में दोनों दलों ने सीटवार चर्चा शुरू कर दी।
इस दौरान करीब करीब 200 सीटों पर सियासी मंत्रणा के दावे करते हुए सपा-कांग्रेस दोनों ने बातचीत को सकारात्मक बताया। सीट वार चर्चा से साफ है कि दोनों पार्टियों में जीत की संभावना वाले फैक्टर को सीट बंटवारे में सर्वोच्च प्राथमिकता देने के फार्मूले पर लगभग सहमति बन गई है।
वैसे इसमें संदेह नहीं कि तालमेल वार्ता को जमीनी धरातल पर लाने के लिए कांग्रेस को 26 सीटों पर चुनाव लड़ने का सपा का प्रस्ताव रहा जिसमें नेहरू-गांधी परिवार की परंपरागत लोकसभा सीट रायबरेली और अमेठी की केवल एक-एक विधानसभा सीट भी शामिल है। जबकि ये दोनों लोकसभा सीट कांग्रेस के पास है।
मंगलवार की बैठक से पहले सपा की ओर से बातचीत का नेतृत्व कर रहे पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव ने कांग्रेस को 26 सीटें देने के प्रस्ताव का खुलासा करते हुए कहा कि इसमें 20 ऐसी भी सीटें हैं जहां सपा को पिछले चुनाव में 60-70 हजार वोट हासिल हुए थे। जबकि कांग्रेस को इन सीटों पर दो हजार के करीब मत मिले थे। दूसरे दौर की वार्ता भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई जिसमें रामगोपाल के साथ यूपी सपा अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा हसन के अलावा पहली बार अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद भी शामिल हुए।
अवधेश को सपा ने मंगलवार को वार्ता की टीम का हिस्सा बनाया। कांग्रेस की ओर से उत्तरप्रदेश के कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए।
सपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव नतीजे के आधार पर कांग्रेस को इन सीटों की पेशकश की। इसमें कांग्रेस की दो जीती गई सीटों के साथ मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर की चार सीटें हैँ जहां पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी। इसके अलावा 20 अन्य सीटें कांग्रेस को देने का प्रस्ताव दिया है उसमें बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, श्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं।
सपा से जुड़ सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस की 130 सीटों की अतार्किक मांग को देखते हुए यह प्रस्ताव दिया गया है। वहीं कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव तथा वर्तमान राजनीतिक-सामाजिक समीकरणों के आकलन के आधार पर पार्टी ने अपनी सीटें चिन्हित की है और 26 सीटों की पेशकश का कोई मतलब नहीं है। खासकर यह देखते हुए कि 2024 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 17 सीटों पर लड़ी और पार्टी के छह सांसद हैं। सपा की पेशकश के बाद तालमेल की टेबल पर मंगलवार को दोनों पार्टियों के बीच दूसरे दौर में इन सभी बिंदुओं पर चर्चा हुई।
वार्ता के बाद रामगोपाल यादव ने पत्रकारों से कहा कि हमने हर सीट पर चर्चा शुरू कर दी है जो बहुत ही सकारात्मक रही। चूंकि 403 सीटें हैं इसलिए अभी चर्चा पूरी नहीं हो पाई। अगली दो बैठकों में हम सभी सीटों पर बातचीत पूरी कर लेंगे।
कांग्रेस की 120 सीटों की मांग के सवाल पर रामगोपाल ने कहा कि किसी ने अभी सीटों की कोई मांग नहीं की है और वार्ता तब तक चलती रहेगी जब तक अंतिम फैसला नहीं हो जाता। अगली बैठक भी हम जल्द करेंगे।
कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी कहा कि सीटवार बातचीत शुरू हुई है और करीब आधी सीटों पर आज चर्चा हुई। सपा-कांग्रेस दोनों मिलकर चुनाव लड़ेंगी, इस पर एकमत हैं। इसी लिहाज से चर्चा सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है। चर्चा सामाजिक न्याय और जीत की कसौटी के आधार पर हो रही है और दोनों पार्टियां मिलकर दो-तिहाई सीटें जीतें, इस पर काम चल रहा है। गौतम ने कहा कि अराधाना मिश्रा की बेटी की बुधवार को सगाई है, इसलिए अगली बैठक तीन-चार दिनों बाद होगी।
पार्टी नेता राम गोपाल यादव के इस बयान पर कि सपा ने 26 सीटों की पेशकश की है, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ में पत्रकारों से कहा कि बातचीत के नतीजों पर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने बताया कि पार्टी द्वारा अधिकृत वरिष्ठ नेता, गठबंधन सहयोगियों के साथ अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवारों की चुनावी संभावनाओं पर चर्चा कर रहे हैं।
सपा प्रमुख ने जोर देकर कहा कि गठबंधन का मुख्य उद्देश्य राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी को हराना है और चुनावी सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी सहयोगियों को मिलकर काम करना होगा व एक-दूसरे के साथ तालमेल बिठाना होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।