विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 31, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

केंद्र ने ओमिक्रोन से निपटने के लिए राज्यों को रैपिड एंटीजन टेस्ट बढ़ाने के निर्देश, सख्ती बरतने की भी सलाह

By Krishna Bihari SinghEdited By:
Published: Fri, 31 Dec 2021 09:53 PM (GMT+05:30)Updated: Sat, 01 Jan 2022 07:01 AM (GMT+05:30)

केंद्र सरकार ने तीसरी लहर से खतरे को कम से कम करने के लिए राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को ...और पढ़ें

केंद्र सरकार ने राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को रैपिड टेस्ट बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
केंद्र सरकार ने राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को रैपिड टेस्ट बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

नई दिल्ली, जेएनएन। ओमिक्रोन वैरिएंट फैल रहा है। जितनी आशंका जताई जा रही थी उससे भी तेजी से फैल रहा है। मामले दो से तीन दिन में नहीं, बल्कि एक दिन में ही दोगुना हो रहे हैं। सरकार हालात पर नजर रख रही है। तीसरी लहर से खतरे को कम से कम करने के लिए राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को रैपिड टेस्ट बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। जिला स्तर पर आवश्यक दवाओं और आक्सीजन का पर्याप्त भंडारण भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

विशेष दिशानिर्देश जारी

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के महानिदेशक डा. बलराम भार्गव और केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लिखे संयुक्त पत्र में हालात से निपटने के लिए तैयारी को लेकर विशेष दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि देश में प्रतिदिन 20 लाख से अधिक टेस्ट करने की क्षमता है और राज्यों को इसे और बढ़ाने की जरूरत है। अचानक बड़ी संख्या में जांच की जरूरत पड़ने पर राज्यों को रैपिट एंटीजन टेस्ट ज्यादा करने की सलाह दी गई है। इसके तहत प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों और अस्पतालों समेत सभी डिस्पेंसरियों को रैपिट एंटीजन टेस्ट की इजाजत देना शामिल है।

रैपिड एंटीजन टेस्ट

दिशानिर्देशों के मुताबिक जरूरत पड़ने पर गली-मुहल्लों में भी रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए अस्थायी कैंप लगाए जा सकते हैं। रैपिड एंटीजन टेस्ट के साथ ही घर में ही कोरोना जांच करने के लिए सात किट को भी मान्यता दे दी गई है। राज्यों को इन सभी किट को पर्याप्त मात्रा में खरीदने को कहा गया है।

नए साल के जश्न पर ओमिक्रोन का साया

  • कोरोना संक्रमण और ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों के चलते नए साल के जश्न पर ब्रेक लग गया है।
  • राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रपति भवन संग्रहालय को आम लोगों के लिए शनिवार से अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है।
  • मुंबई में 15 जनवरी तक शाम पांच बजे से सुबह पांच बजे तक समुद्र तटों, पार्को और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लोगों के जाने पर पाबंदी लगा दी गई है
  • खुले या बंद जगहों पर आयोजित वैवाहिक कार्यक्रमों में अधिकतम 50 लोग ही एक साथ शामिल हो सकेंगे
  • हरियाणा में शनिवार यानी पहली जनवरी से कोरोना रोधी वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने वालों को ही सार्वजनिक स्थलों में प्रवेश मिलेगा
  • नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसके तहत छह महीने तक की कैद की सजा हो सकती है
  • जिन सरकारी कर्मचारियों ने दोनों टीके नहीं लगवा रखे हैं वे भी अपने कार्यालय नहीं जा सकेंगे

कंटेनमेंट जोन और बफर जोन बनाने की सलाह

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने, टीकाकरण अभियान को और तेज करने और जरूरत के हिसाब से सख्त पाबंदियां लगाने को भी कहा गया है। मानकों के आधार पर कंटेनमेंट जोन और बफर जोन बनाने की भी सलाह दी गई है।

आक्सीजन आपूर्ति तंत्र की आनलाइन निगरानी

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक केंद्र सरकार के 23 हजार करोड़ रुपये के स्वास्थ्य पैकेज की मदद से देश में सुचारु आक्सीजन आपूर्ति का ढांचा बनकर तैयार है। उसकी आनलाइन निगरानी की जा रही है।

पीएम और स्वास्थ्य मंत्री रख रहे हालात पर नजर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार बैठकें कर कोरोना के हालात, ओमिक्रोन की स्थिति और स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया भी वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ प्रतिदिन बैठकें कर हालात की निगरानी कर रहे हैं।