संसद सत्र से पहले मोदी कैबिनेट की बैठक आज, परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर होगी चर्चा
संसद के विशेष सत्र से पहले सरकार ने शुक्रवार दोपहर केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में होगी।

केंद्रीय कैबिनेट आज करेगी परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा (फोटो- एएनआई)
HighLights
सभी मंत्रियों को बैठक के बारे में सूचना भेजी गई है, ताकि वे उपस्थित रहें
बैठक में परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा होगी
पीटीआई, नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले सरकार ने शुक्रवार दोपहर केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई है। सूत्रों ने बताया कि बैठक में परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा होगी।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में होगी।
सभी मंत्रियों को बैठक के बारे में सूचना भेजी गई है, ताकि वे इसमें उपस्थित रहें। इस बैठक में सरकार पिछले परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक में कुछ संशोधन कर सकती है।
इस विधेयक के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रविधान है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को मंत्रिमंडल की बैठक में मंत्रियों से कहा था कि सरकार जल्द ही संसद का सत्र बुला सकती है।
लिहाजा उन्होंने मंत्रियों से अगले कुछ दिनों तक उपलब्ध रहने और दिल्ली से बाहर की अपनी यात्राएं टालने को कहा था।
सरकार बीते अप्रैल महीने में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में लेकर आई थी, लेकिन वह दो तिहाई सांसदों का समर्थन नहीं जुटा पाई।
विधेयक के पक्ष में 298 मत पड़े तो विरोध में 234। सरकार दो तिहाई बहुमत के आंकड़े से दूर रह गई। हालांकि, बंगाल चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी में हुई टूट के बाद उसके 20 लोकसभा सदस्य राजग के सहयोगी के रूप में अब भाजपा के साथ जुड़ चुके हैं।
इसी दरम्यान शिवसेना यूबीटी में भी तोड़फोड़ हुई और उसके छह लोकसभा सदस्य भाजपा के सहयोगी एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो चुके हैं।
इस तरह भाजपा-राजग के पास इस समय घोषित रूप से 319 लोकसभा सदस्यों का समर्थन है और दो तिहाई आंकड़े के लिए करीब 360 सदस्यों की जरूरत है।
शरद पवार की राकांपा (शरदचंद्र पवार) के पास आठ तो द्रमुक के पास 22 लोकसभा सदस्य हैं। ये दोनों पार्टियां परिसीमन पर सरकार का साथ देती हैं तो यह आंकड़ा 349 पहुंच जाएगा और ऐसे में कुछ अन्य सदस्यों की व्यवस्था करना भाजपा सरकार के लिए मुश्किल नहीं होगा।
इसलिए विपक्ष के सामने अप्रैल की तुलना में लोकसभा में अपनी कम हुई 26 की संख्या के साथ ही पवार तथा स्टालिन की पार्टी को सत्ताधारी दल के पाले में जाने से रोकना अग्नि परीक्षा से कम नहीं है।