मध्य प्रदेश: ऐतिहासिक बजरंगगढ़ किले के पास पहाड़ियों में बेखौफ खनन, अब पांच विभागों को देना होगा जवाब
एनजीटी की भोपाल स्थित सेंट्रल जोन बेंच के आदेश के अनुसार, बजरंगगढ़ किले से लगी पहाड़ियों और आरोन-सिरोंज स्टेट हाइवे के आसपास पिछले 10 वर्षों में नौ खनन पट्टे आवंटित किए गए।

मध्य प्रदेश: ऐतिहासिक बजरंगगढ़ किले के पास पहाड़ियों में बेखौफ खनन (फोटो- AI Generated)
HighLights
ऐतिहासिक धरोहर की पहाड़ियों में खनन से मकानों और किले की दीवारों में दरारों का आरोप
मध्य प्रदेश के गुना जिले में है ऐतिहासिक बजरंगगढ़ किला, एनजीटी ने लिया मामले का संज्ञान
जेएनएन, भोपाल। मध्य प्रदेश में गुना जिले के ऐतिहासिक बजरंगगढ़ किले से लगी पहाड़ियों पर खनन और ब्लास्टिंग से धरोहर व आसपास के रहवासी क्षेत्रों को नुकसान पहुंच रहा है।
गुना में 16वीं-17वीं सदी के इस किले के आसपास खनन से धरोहर और रहवासी मकानों को नुकसान को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने संज्ञान लेते हुए गुना कलेक्टर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव सहित वन मंडल अधिकारी, जिला खनिज और नगर पालिका के अधिकारियों को नोटिस जारी किया है।
ऐसे में अब पांच विभागों को नोटिस का जवाब देना होगा। एनजीटी की भोपाल स्थित सेंट्रल जोन बेंच के आदेश के अनुसार, बजरंगगढ़ किले से लगी पहाड़ियों और आरोन-सिरोंज स्टेट हाइवे के आसपास पिछले 10 वर्षों में नौ खनन पट्टे आवंटित किए गए।
कई स्थानों पर पट्टों में मंजूर क्षेत्र से कई गुना अधिक हिस्से में खोदाई की गई। पहाड़ियों पर क्रशर मशीनों से लगातार पत्थर तोड़े जा रहे हैं।
चट्टानों को तोड़ने के लिए नियमित ब्लास्टिंग हो रही है। मामले में 5 दिसंबर तक जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। सुनवाई 23 दिसंबर को होगी।
एनजीटी के आदेश में कहा गया है कि खनन के दौरान विस्फोटों से आसपास के मकानों में कंपन, दीवारों में दरारें और पत्थर खिसकने की शिकायतें मिली हैं। इससे किले की दीवारों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।