उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट का दिल्ली पुलिस को नोटिस, अंतरिम राहत से इनकार
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली दंगों की साजिश के आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है।

उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट का दिल्ली पुलिस को नोटिस (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली दंगों की साजिश के आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया। हालांकि कोर्ट ने फिलहाल दोनों की अंतरिम जमानत की मांग पर विचार करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि अंतरिम राहत पर विचार करने से पहले प्रतिवादी पक्ष को सुनना जरूरी है।
सीएए और एनआरसी के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हिंसा भड़क उठी थी। इस मामले में शरजील इमाम को 25 अगस्त, 2020 को और उमर खालिद को 13 सितंबर, 2020 को गिरफ्तार किया गया था।
प्रधान न्यायाधीश सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने ये आदेश बुधवार को उमर और शरजील की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान दिये। उमर खालिद की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने फिलहाल अंतरिम जमानत की मांग करते हुए कहा कि उमर खालिद छह वर्ष से ज्यादा समय जेल में है।
हालांकि इस लंबी अवधि तक जेल में बंद होने के पीछे खुद बचाव पक्ष भी जिम्मेदार है। कम से कम दो तीन प्रकरण ऐसे आए जिसमें शरजील के वकीलों ने ही सुनवाई टालने का अनुरोध किया था। जबकि फरवरी 2024 में खुद सिब्बल ने परिस्थियों की हवाला देते हुए एक याचिका वापस ले ली थी।
मालूम हो कि इस मामले में यूएपीए जमानत के कानूनी सिद्धांतों पर बड़ी पीठ को विचार करना है। इसी वर्ष 22 मई को जस्टिस अरविंद कुमार की अध्यक्षता वाली दो न्यायाधीशों की पीठ ने तसलीम अहमद मामले में यूएपीए के तहत जमानत से जुड़े अलग अलग फैसलों के बीच संभावित विरोधाभास को देखते हुए मामला बड़ी पीठ को भेजने का निर्देश दिया था। ये विवाद मुख्य रूप से गुलफिशां फातिमा मामले में आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले और यूनियन ऑफ इंडिया बनाम केए नजीब फैसले में बताए गए जमानत के सिद्धांतों को लेकर है।
केए नजीब फैसले में तीन जजों की पीठ ने कहा था कि लंबे समय तक हिरासत और मुकदमे में देरी संवैधानिक अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में जमानत देने का आधार हो सकते हैं, भले ही यूएपीए की कठोर शर्तें लागू हों। जबकि गुलफिशां फातिमा के फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार कर दिया था। दिल्ली पुलिस की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि मामला बड़ी पीठ को भेजने वाला आदेश भी इसी एफआइआर में पारित किया गया था।
चीफ जस्टिस ने कहा कि अलग अलग पीठों की टिप्णियों के बीच संभावित विरोधाभास को देखते हुए उन्हें इस मुद्दे पर विचार करना होगा। कहा कि केए नजीब मामले में दिया गया उनका फैसला भी इस विवाद के केंद्र में है।
मालूम हो कि पांच जनवरी 2026 को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजारिया की पीठ ने उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाएं खारजि कर दी थीं। कोर्ट ने दंगों की कथित साजिश में दोनों की भूमिका को केंद्रीय मानते हुए उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया था। हालांकि इसी मामले में कोर्ट ने गुलफिशा फातिमा सहित पांच अन्य को जमानत दे दी थी। उस समय कोर्ट ने कहा था कि वे संरक्षित गवाहों की गवाही होने या आदेश को एक साल पूरा होने पर, दोबारा जमानत के लिए आवेदन कर सकते हैं।
वर्तमान याचिकाओं में जमानत की मांग करते हुए दलील दी गई है कि एक साल की अवधि पूरी होने वाली है और संरक्षित गवाहों की गवाही पांच जनवरी 2027 तक पूरी होने की उम्मीद नहीं है। लंबे समय से हिरासत में होने के आधार पर जमानत मांगी गई है।
इससे पहले जस्टिस बीवी नागरात्ना और जस्टिस उज्जल भुइयां की पीठ ने सैयद इफ्तिखार अंद्राबी मामले में गुलफिशां फातिमा फैसले की आलोचना की थी। कहा था कि इस मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार करने से केए नजीब मामले में निर्धारित सिद्धातों को कमजोर किया गया है। इसी संभावित विरोधाभास को देखते हुए जस्टिस अरविंद कुमार की पीठ ने 22 मई को मामला बड़ी पीठ को भेज दिया था। मामले की सुनवाई अब तीन जजों की पीठ के समक्ष होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।