असम में सामाजिक कार्यकर्ता के अपहरण और हत्या मामले में एक्शन, दोषी उल्फा उग्रवादी को उम्रकैद की सजा
असम में सामाजिक कार्यकर्ता संजय घोष के 29 साल पुराने अपहरण और हत्या मामले में सीबीआइ की विशेष अदालत ने उल्फा उग्रवादी फाटक हतिमोटा को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

कोर्ट का फैसला (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
उल्फा उग्रवादी फाटक हतिमोटा को संजय घोष हत्या मामले में उम्रकैद।
सामाजिक कार्यकर्ता संजय घोष का 1997 में माजुली से अपहरण।
29 साल पुराने मामले में सीबीआई विशेष अदालत का फैसला।
डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। असम में सामाजिक कार्यकर्ता संजय घोष के अपहरण और हत्या के करीब 29 साल पुराने मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने शनिवार को उल्फा उग्रवादी फाटक हतिमोटा को उम्रकैद की सजा सुनाई।
संजय घोष को चार जुलाई 1997 को असम के माजुली से अगवा किया गया था। वह माजुली में मिट्टी के कटाव की समस्या से निपटने के लिए सामुदायिक स्तर पर कई पहल कर रहे थे।
अपहरण के दौरान उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति किसी तरह बच निकलने में सफल रहा था। अदालत ने 20 नवंबर को हतिमोटा को दोषी करार दिया था। हतिमोटा को नवंबर 2011 में माजुली से गिरफ्तार किया गया था और बाद में सीबीआइ को सौंप दिया गया था।
सीबीआई ने अक्टूबर 1997 में मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। जुलाई 2012 में उसे गुवाहाटी हाई कोर्ट से जमानत मिली थी। संजय घोष के अपहरण के एक महीने बाद उल्फा ने दावा किया था कि उनकी हत्या उसी रात कर दी गई थी और शव ब्रह्मपुत्र नदी में फेंक दिया गया था। उनका शव कभी बरामद नहीं हुआ। संजय घोष की चाची और पूर्व राजनयिक अरुंधति घोष ने संयुक्त राष्ट्र में भी यह मुद्दा उठाया था।