मोदी पहुंचे उत्तराखंड, आज लेंगे हवाई जायजा
भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार देर शाम देहरादून पहुंच गए। शनिवार को वह उत्तराखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा करेंगे। इससे पहले शुक्रवार को गुजरात सरकार ने उत्तराखंड में फंसे यात्रियों के लिए देहरादून से अ
देहरादून, जागरण संवाददाता। भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार देर शाम देहरादून पहुंच गए। शनिवार को वह उत्तराखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा करेंगे। इससे पहले शुक्रवार को गुजरात सरकार ने उत्तराखंड में फंसे यात्रियों के लिए देहरादून से अहमदाबाद के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की, जिसमें 17 श्रद्धालु लौट गए हैं। अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर उत्तराखंड से करीब डेढ़ सौ यात्रियों के सुरक्षित लौट आने की भी खबर है।
जॉलीग्रांट हवाई अड्डे पर उतरने के बाद वह सड़क मार्ग से होटल पहुंचे। यहां मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आई दैवीय आपदा काफी बड़ी है। वह आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार के साथ हैं। शनिवार को वह मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा से भी मुलाकात करेंगे। साथ ही मोदी जानकीचट्टी, उत्तरकाशी, मनेरी, हर्षिल, गंगोत्री, यमुनोत्री, श्रीनगर, केदारनाथ, गुप्तकाशी, जोशीमठ, गोविंदघाट एवं बदरीनाथ का हवाई निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह ऋषिकेश में गुजरात सरकार की तरफ से चलाए जा रहे राहत कैंप का दौरा करेंगे। वह रविवार को पठानकोट के लिए रवाना होंगे। मोदी ने कहा कि गुजरात में डॉक्टरों की एक टीम तैयार रखी गई है। यदि प्रदेश सरकार चाहेगी तो इस टीम को मदद के लिए उत्तराखंड भेजा जाएगा। वहीं, गुजरात सरकार ने घोषणा की है कि शनिवार से देहरादून से अहमदाबाद के लिए नियमित रूप से 130 सीटों वाले दो विमान चलाए जाएंगे जो वहां फंसे गुजराती यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक लाएंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर