विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देशभर में सक्रिय हैं 32 फर्जी विश्वविद्यालय, UGC की चेतावनी के बीच एक साल में जुड़े 10 नए नाम

Published: Thu, 19 Nov 2026 09:47 PM (IST)

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की चेतावनियों के बावजूद देश में फर्जी विश्वविद्यालयों की संख्या बढ़ रही है, पिछले एक साल में 10 नए नाम जुड़ने से इनकी कुल संख्या 32 हो गई है। 

देश में 32 फर्जी विश्वविद्यालय सक्रिय, पिछले साल 10 नए जुड़े। (फाइल फोटो)

देश में 32 फर्जी विश्वविद्यालय सक्रिय, पिछले साल 10 नए जुड़े। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. देश में 32 फर्जी विश्वविद्यालय सक्रिय, पिछले साल 10 नए जुड़े।

  2. यूजीसी ने छात्रों को दाखिले से पहले संस्थानों की जांच की सलाह दी।

  3. सुप्रीम कोर्ट ने फर्जी संस्थानों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। फर्जी विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों को लेकर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) भले ही नए शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले छात्रों व अभिभावकों को सतर्क करता रहा है लेकिन इसके बाद भी फर्जी संस्थानों की संख्या कम होने के बजाय बढ़ ही रही हैं।

यूजीसी की फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची को देखें तो पिछले एक साल में देश में दस नए फर्जी विश्वविद्यालय पैदा हो गए हैं। हालांकि, इसकी वजह ऐसे संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का न होना है। जिसके चलते शिक्षा माफिया के हौसले बुलंद हैं।

यह स्थिति तब है कि यूजीसी भी कई बार राज्यों को ऐसे संस्थानों को बंद कराने व उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दे चुकी है। इतना ही नहीं, इन फर्जी संस्थानों के जाल में हर साल बड़ी संख्या में छात्र फंस भी रहे है। इसके बाद भी यूजीसी की ओर से नए शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले फर्जी संस्थानों से बचने की सलाह देने की खानापूर्ति की जाती है।

यूजीसी ने फिर से एक ऐसी ही एडवाइजरी जारी की है। जिसमें छात्रों व अभिभावकों को किसी भी संस्थान में दाखिले से पहले चार बिंदुओं पर जांचने की सलाह दी है।

इनमें संस्थान की कानूनी मान्यता, जिस पाठ्यक्रम में दाखिला लेने जा रहे है, उसकी वैधानिक मान्यता, डिग्री देने का अधिकार, कार्यक्रम की वैधता के साथ पढ़ाई का तरीका ऑनलाइन या ऑफलाइन है आदि शामिल है।

वहीं यूजीसी ने कहा कि विज्ञापन, इंटरनेट मीडिया पोस्ट और वेबसाइट को देखकर किसी भी संस्थानों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें, बल्कि ऐसे दावों की आधिकारिक स्रोतों के माध्यम से स्वतंत्र रूप से जांच करके ही दाखिला लें।

यूजीसी ने यह एडवाइजरी ऐसे समय जारी की है, जब सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक जर्जर फार्म हाउस में फर्जी निजी मेडिकल कालेज के संचालित होने के मामले में हाल ही में यूजीसी सहित उच्च शिक्षा से जुड़े दूसरे नियामकों से फर्जी संस्थानों को लेकर छात्रों और अभिभावकों के बीच जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है।

किन राज्यों में कितने फर्जी विश्वविद्यालय

दिल्ली-12, उत्तर प्रदेश-चार, केरलम- दो, महाराष्ट्र-दो, बंगाल- दो, पुडुचेरी-दो, आंध्र प्रदेश-दो, कर्नाटक-दो, हरियाणा-एक, अरुणाचल प्रदेश- एक, राजस्थान-एक, झारखंड-एक।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।