'डबल मीनिंग' टिप्पणी पर गिरफ्तार हुए उदयनिधि स्टालिन को मद्रास हाई कोर्ट से बड़ी राहत, रिहाई का आदेश
तमिलनाडु के पूर्व डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन को अभिनेत्री तृषा पर टिप्पणी मामले में मद्रास हाई कोर्ट से राहत मिली है।

मद्रास हाई कोर्ट ने उदयनिधि स्टालिन को रिहा करने का दिया आदेश (फोटो-पीटीआई)
HighLights
उदयनिधि स्टालिन को तृषा पर टिप्पणी मामले में राहत मिली।
मद्रास हाई कोर्ट ने स्टेशन बेल पर रिहाई का आदेश दिया।
अभिनेत्री तृषा पर डबल मीनिंग टिप्पणी के 9 आरोप लगे थे।
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के पूर्व डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन को पुलिस ने अभिनेत्री तृषा के खिलाफ डबल मीनिंग टिप्पणी करने के मामले में गिरफ्तार किया था।
हालांकि मद्रास हाई कोर्ट से उदयनिधि स्टालिन को राहत मिल गई है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, मद्रास हाई कोर्ट में तमिलनाडु सरकार ने कहा कि पूछताछ के बाद उदयनिधि स्टालिन को आज ही स्टेशन बेल पर रिहा कर दिया जाएगा।
स्टालिन पर डबल मीनिंग बात करने का आरोप
मद्रास हाई कोर्ट में तमिलनाडु सरकार ने कहा कि उदयनिधि स्टालिन को रिमांड पर लेने का उसका कोई इरादा नहीं है। पूछताछ के बाद स्टालिन को रिहा कर दिया जाएगा।
उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ एक्ट्रेस तृषा पर डबल मीनिंग टिप्पणी करने के मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की महिला विंग ने तंजावुर ईस्ट पुलिस स्टेशन में उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद आज स्टालिन को पुलिस ने चेन्नई स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया।
टीवीके ने आरोप लगाया कि उदयनिधि ने एक्ट्रेस तृषा पर अपमानजनक टिप्पणी की, जिससे उनकी गरिमा को ठेस पहुंची।
स्टालिन ने दावों को किया खारिज
उदयनिधि स्टालिन सोमवार को तंजावुर में कावेरी जल विवाद पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी जनसभा के दौरान भीड़ ने तृषा-तृषा के नारे लगाए, तभी उदयनिधि ने तृषा को लेकर विवादित बयान दे दिया।
पुलिस जब स्टालिन के आवास से उन्हें गिरफ्तार करके ले जा रही थी, तब स्टालिन ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, 'कट, कॉपी, पेस्ट करके झूठी खबर फैलाई है और दावा किया है कि मैंने कुछ ऐसा कहा जो मैंने कभी कहा ही नहीं। मैं ऐसा व्यक्ति नहीं हूं जो इन सब से डर जाए। मैं कानूनी तौर पर इसका सामना करूंगा।'
