विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'क्या मैंने कुछ गलत कहा', सीएम विजय और अभिनेत्री तृषा पर टिप्पणी मामले में हिरासत में लिए जाने पर बोले स्टालिन

Published: Tue, 04 Aug 2026 12:34 PM (IST)Updated: Tue, 04 Aug 2026 12:47 PM (IST)

डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन को सीएम विजय और अभिनेत्री तृषा पर कथित अशोभनीय टिप्पणी के आरोप में हिरासत में लिया गया।

अभद्र टिप्पणी मामले में उदयनिधि स्टालिन गिरफ्तार।

अभद्र टिप्पणी मामले में उदयनिधि स्टालिन गिरफ्तार।

HighLights

  1. उदयनिधि स्टालिन को अशोभनीय टिप्पणी के आरोप में हिरासत में लिया गया।

  2. उन्होंने वीडियो को छेड़छाड़ किया हुआ बताया, कानूनी चुनौती देने की बात कही।

  3. डीएमके कार्यकर्ताओं ने हिरासत के विरोध में प्रदर्शन किया।

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन ने तमिलनाडु में विजय की सरकार के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर अशोभनीय और डबल मीनिंग वाली टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।

यह टिप्पणी तंजावुर में एक सभा के दौरान अभिनेत्री तृषा का नाम सार्वजनिक रूप से लिए जाने के जवाब में की गई थी। अभिनेता से नेता बने उदयनिधि ने दावा किया कि उनके भाषण का जो वीडियो वायरल हो रहा है वह छेड़छाड़ किया हुआ है और कहा कि वह इस मामले को कानूनी रूप से चुनौती देंगे।

'अदालत को करने दें फैसला'

इसे फर्जी मामला बताते हुए विपक्ष के नेता ने आरोप लगाया कि विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार सत्ता में आने के बाद से ही डीएमके विधायकों के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कर रही है और विधायकों की खरीद-फरोख्त (हॉर्स-ट्रेडिंग) में शामिल है। हिरासत में लिए जाने और पुलिस की कस्टडी में ले जाए जाने के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा, "क्या मैंने कुछ गलत कहा? अदालत को फैसला करने दें।"

उदयनिधि ने यह भी कहा, "मैंने किसी का नाम नहीं लिया और न ही मैंने कोई अभद्र बात कही। मैं नतीजों का सामना करने के लिए तैयार हूं और मुझे गिरफ्तारी से डर नहीं लगता।"

डीएमके कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन

चेन्नई में उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में लिए जाने के बाद डीएमके कार्यकर्ताओं ने पुडुकोट्टई में पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। यह राजनीतिक घटनाक्रम तब शुरू हुआ जब उदयनिधि ने तंजावुर में कावेरी जल-बंटवारे के विवाद और कर्नाटक के प्रस्तावित मेकेदातु बांध प्रोजेक्ट को लेकर सत्ताधारी टीवीके सरकार के रवैये के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

क्या है मामला?

अपने भाषण के दौरान उदयनिधि ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय पर तीखा हमला किया और आरोप लगाया कि वे कावेरी जल-बंटवारे के विवाद को सुलझाने या किसानों के हितों की रक्षा करने में कोई खास दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं।

उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री की एकमात्र चिंता डीएमके के खिलाफ झूठे मामले दर्ज करना है।" तभी डीएमके समर्थकों के एक समूह ने तमिल अभिनेत्री तृषा का नाम लेना शुरू कर दिया, जिससे जाहिर तौर पर यह संकेत मिल रहा था कि विजय की प्राथमिकताएं कहीं और हैं। 

जब भीड़ ने तालियों और हंसी के साथ प्रतिक्रिया दी तो उन्होंने आगे कहा, "नहीं। मैं सिर्फ कावेरी की बात कर रहा था।" इसके बाद एक बार फिर तालियां बजीं और लोग हंस पड़े।

उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और राजनीतिक विरोधियों ने इनकी कड़ी आलोचना की। एक्स पर एक पोस्ट में बीजेपी नेता और तेलंगाना की पूर्व गवर्नर तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा कि मुख्यमंत्री की आलोचना करने के बहाने अश्लील और डबल मीनिंग वाली बातें कहने की सभी को निंदा करनी चाहिए, चाहे वे किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े हों।

यह भी पढ़ें: तमिलनाडु पुलिस की हिरासत में DMK नेता उदयनिधि स्टालिन, सीएम विजय और एक्ट्रेस तृषा पर टिप्पणी को लेकर कार्रवाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।