'असहमति की आड़ में दल-बदल की इजाजत मिली, तो गिरती रहेंगी चुनी हुई सरकारें', उद्धव गुट की सुप्रीम कोर्ट में दलील
उद्धव ठाकरे गुट ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी कि असहमति की आड़ में दल-बदल की अनुमति देने से चुनी हुई सरकारें अस्थिर होंगी। कपिल सिब्बल ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने शिंदे गुट के विधायी बहुमत को असली शिवसेना मानकर संवैधानिक त्रुटि की है।
-1795620288876_m.webp)
सुप्रीम कोर्ट (File Photo)
HighLights
दल-बदल से चुनी हुई सरकारें अस्थिर होंगी: उद्धव गुट।
विधायी बहुमत को असली शिवसेना मानना संवैधानिक त्रुटि।
शिंदे गुट का कृत्य सरकार गिराने का सीधा प्रयास था।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र की सियासी उठापटक और शिवसेना में टूट के मामले में उद्धव ठाकरे गुट ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में अपनी दलीलें पेश कीं। ठाकरे गुट ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि असहमति की आड़ में राजनीतिक निष्ठा बदलने की अनुमति दी गई, तो मुट्ठी भर विधायकों के दल-बदल के जरिये भी चुनी हुई लोकतांत्रिक सरकारों को अस्थिर किया जा सकेगा।
प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ के समक्ष सीनियर एडवोकट कपिल सिब्बल ने यह पक्ष रखा। मुख्य याचिका सुनील प्रभु ने विधानसभा अध्यक्ष के 10 जनवरी 2024 के उस फैसले के खिलाफ दायर की है, जिसमें शिंदे गुट के विधायकों को अयोग्य ठहराने से इन्कार कर दिया गया था, जबकि दूसरी याचिका चुनाव आयोग द्वारा शिंदे गुट को असली शिवसेना मानने और चुनाव चिह्न आवंटित करने को चुनौती देती है।
प्रत्युत्तर दलीलें पेश करते हुए सिब्बल ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने एकनाथ शिंदे गुट के विधायी बहुमत को ही 'असली शिवसेना' का प्रमाण मानकर गंभीर संवैधानिक त्रुटि की है। संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत केवल विधायी बहुमत किसी विधायक दल को मूल राजनीतिक दल में नहीं बदल सकता।
उन्होंने 'सुभाष देसाई' मामले में संविधान पीठ के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि मूल राजनीतिक दल की पहचान 21 जून 2022 के संदर्भ में तय होनी चाहिए, जब पहली बार कथित दल-बदल हुआ था। चुनाव आयोग का बाद का फैसला अतीत के कृत्यों को वैध नहीं ठहरा सकता और अयोग्यता की कार्यवाही तथा चुनाव आयोग की प्रक्रिया को आपस में नहीं जोड़ा जा सकता।
सिब्बल ने शिंदे गुट के 'आंतरिक असहमति' वाले तर्क को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यदि विधायकों को वास्तव में नेतृत्व से असहमति थी, तो उन्हें पार्टी के संगठनात्मक मंचों पर बैठक बुलाकर चर्चा करनी चाहिए थी। इसके बजाय उन्होंने कहा - 'हम आपको नेता नहीं मानते, अब मैं नेता हूं और मेरा व्हिप चलेगा।' यह असहमति नहीं, बल्कि सरकार गिराने का सीधा प्रयास था।
उन्होंने जून 2022 के घटनाक्रमों, पार्टी व्हिप को हटाने, राज्यपाल द्वारा बुलाए गए 'अवैध फ्लोर टेस्ट', 30 जून को भाजपा के साथ मिलकर शिंदे के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने और विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव में एमवीए उम्मीदवार राजन साल्वी के खिलाफ शिंदे गुट के 37 विधायकों के मतदान का हवाला दिया।
सिब्बल ने कहा कि ये सभी कृत्य साबित करते हैं कि उन्होंने स्वेच्छा से पार्टी की सदस्यता छोड़ दी थी। इससे पहले 18 नवंबर को शिंदे गुट के वकील ध्रुव मेहता ने दलील दी थी कि 2019 में भाजपा से नाता तोड़कर कांग्रेस-राकांपा के साथ सरकार बनाना शिवसेना की मूल विचारधारा से भटकाव था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।