राजस्थान: उदयपुर में NH-48 पर हादसा, फायर ब्रिगेड-ट्रेलर की टक्कर में 4 लोगों की मौत
उदयपुर में NH-48 पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो और घायलों की मौत के बाद मृतकों की संख्या चार हो गई है।

फायर ब्रिगेड-ट्रेलर की टक्कर में 4 लोगों की मौत।
HighLights
दो घायलों की मौत, मृतकों की संख्या चार हुई।
फायर ब्रिगेड-ट्रेलर की आमने-सामने भीषण टक्कर।
दो फायरकर्मी मौके पर ही जिंदा जल गए।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। उदयपुर जिले में नेशनल हाईवे-48 पर माकड़जपा गांव के पास सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे दो घायलों ने भी सोमवार देर रात दम तोड़ दिया।
मृतकों में फायर ब्रिगेड कर्मचारी बुद्धप्रकाश और ट्रेलर चालक संजीत अली शामिल हैं। इससे पहले हादसे में दो फायरकर्मियों की मौके पर ही जलने से मौत हो गई थी। इस तरह दुर्घटना में जान गंवाने वालों की संख्या चार हो गई है।
थानाधिकारी हेमंत अहारी के अनुसार, संजीत अली हरियाणा के कुरुक्षेत्र और बुद्धप्रकाश ब्यावर के निवासी थे। दोनों का एमबी हॉस्पिटल में उपचार चल रहा था।
गलत दिशा में आया ट्रेलर, आमने-सामने भिड़ंत
हादसा रविवार सुबह करीब 11 बजे हुआ था। अग्निरक्षक नामक निजी कंपनी की पश्चिम बंगाल नंबर की फायर ब्रिगेड गुजरात से उदयपुर आ रही थी। इसी दौरान उदयपुर से अहमदाबाद जा रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर हाईवे की दूसरी लेन में पहुंच गया और फायर ब्रिगेड से टकरा गया।
केबिन में फंसे तीन कर्मचारी
टक्कर से फायर ब्रिगेड का केबिन बुरी तरह पिचक गया और उसमें आग लग गई। ड्राइवर सहित तीन कर्मचारी अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने ड्राइवर को आग के बीच से बाहर निकाल लिया, लेकिन दो फायरकर्मी जिंदा जल गए। ट्रेलर चालक भी गंभीर घायल हुआ था। उसे और घायल फायरमैन को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई।